समस्तीपुरः उत्तर प्रदेश एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली. सहारनपुर में हुई मुठभेड़ में बिहार के कुख्यात अपराधी लल्लन सिंह उर्फ ललन सिंह को मार गिराया गया. एडिशनल एसपी लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ की टीम ने यह कार्रवाई की. मुठभेड़ के दौरान लल्लन का एक साथी मौके से भाग निकला. उसकी तलाश जारी है. मालूम हो कि लल्लन सिंह पर सवा लाख का इनाम घोषित किया गया था. उसके खिलाफ 7 हत्या, लूट डकैती समेत कई मामले दर्ज हैं.
लल्लन सिंह बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के आनंद गोलवां गांव का रहने वाला था. उस पर वाराणसी पुलिस कमिश्नर की ओर से 1 लाख रुपये और चंदौली पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था. वह लंबे समय से यूपी और बिहार पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 8 नवंबर 2022 को वाराणसी में उसने एक सब-इंस्पेक्टर को गोली मारकर उनकी सरकारी पिस्टल लूट ली थी. इसके अलावा 1 नवंबर 2022 को चंदौली में एक युवक की हत्या कर बाइक लूटने की वारदात को भी अंजाम दिया था.
बिहार में चलाता था ब्रदर्स गैंग: बिहार में भी लल्लन सिंह के खिलाफ हत्या, बैंक डकैती और लूट के कई मामले दर्ज थे. उस पर दो सब-इंस्पेक्टर, एक बैंक कैशियर, एक सिक्योरिटी गार्ड समेत सात लोगों की हत्या के आरोप थे. बैंक और कैश वैन लूट की कई घटनाओं में भी उसका नाम सामने आया था. लल्लन सिंह अपने दो भाइयों के साथ मिलकर ‘ब्रदर्स गैंग’ चलाता था. साल 2017 में तीनों भाइयों ने पटना जिले के बेलछी थाना क्षेत्र में एक बैंक से दिनदहाड़े 60 लाख रुपये की डकैती डाली थी. इस दौरान बैंक के दो सुरक्षा गार्डों समेत तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
तीन साल पहले 2 भाई एनकाउंटर में मारे गए थे: बताया जाता है कि 2022 में पटना के बाढ़ इलाके में बैंक लूट की घटना के बाद तीनों भाई वाराणसी भाग गए थे. उसी दौरान नवंबर 2022 में उसके दोनों भाई पुलिस मुठभेड़ में मारे गए थे, जबकि लल्लन बच निकला था. अब करीब साढ़े तीन साल बाद यूपी एसटीएफ ने उसे भी मुठभेड़ में मार गिराया है.
News Wani
