लखनऊ। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों कार्यकर्ता जिला पार्टी कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय की ओर पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ता कैदी की वेशभूषा में नजर आए। उनके हाथों में हथकड़ियां थीं और कुछ कार्यकर्ताओं ने चेहरे पर ज्ञानेश कुमार के स्टिकर लगाए हुए थे।
प्रदर्शनकारी हाथों में डफली लेकर नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर पहुंचने के बाद कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर नारे लगाए।
पुतले को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं में खींचतान
प्रदर्शन के दौरान ज्ञानेश कुमार के पुतले को लेकर पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच खींचतान हुई। कार्यकर्ताओं ने पुतले को पैरों से रौंदकर विरोध जताया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ देर धक्का-मुक्की भी हुई।
बाद में सपा कार्यकर्ताओं और कुछ वकीलों ने पुतले को आग के हवाले कर दिया। पुतला जलाने के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने जमकर नारेबाजी की।
मतदाता सूची और SIR को लेकर सवाल
सपा नेताओं का आरोप है कि मतदाता सूची में बदलाव और विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े हुए हैं। पार्टी चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रही है और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रही है।
सपा नेता जूही सिंह ने आरोप लगाया कि लोगों के मताधिकार और वोट देने के अधिकार को प्रभावित किया गया है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत प्रदर्शन
समाजवादी पार्टी ने 2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह, वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान चलाने का ऐलान किया था। इसी अभियान के तहत जिला स्तर पर मार्च और विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
लखनऊ में इससे पहले भी सपा कार्यकर्ता मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन कर चुके हैं। 28 सितंबर को हजरतगंज में प्रदर्शन के दौरान पुतले पर कालिख पोती गई थी। इसके बाद 2 अक्टूबर को भी हजरतगंज में प्रदर्शन हुआ था। दोनों मौकों पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेजा था।
प्रदर्शन को देखते हुए जिलाधिकारी कार्यालय और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी।
News Wani
