Breaking News

लखनऊ में गोमती का कहर, कई इलाके जलमग्न; घरों में 6 फीट तक पहुंचा पानी; बारिश की वजह से रास्ते बंद

लखनऊ। गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से राजधानी के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। पलासियो मॉल के आसपास की सड़कें पानी में डूब गई हैं। कई जगह घुटनों तक पानी भरने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। इकाना स्टेडियम और आपदा प्रबंधन कार्यालय परिसर तक भी पानी पहुंच गया है।

गोमती का जलस्तर बढ़ने का असर IIIT परिसर पर भी पड़ा है। जलभराव को देखते हुए संस्थान को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही निर्धारित परीक्षाओं को भी टाल दिया गया है।

बैकुंठ धाम में भी पानी भरा

बाढ़ का पानी बैकुंठ धाम तक पहुंच गया है। यहां शव रखने के लिए बनाए गए चबूतरे भी पानी में डूब गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव के बीच उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और मदद के लिए शिकायत करने के बावजूद राहत मिलने में देरी हो रही है।

फैजुल्लागंज में 40 हजार घर प्रभावित

फैजुल्लागंज में हालात सबसे ज्यादा गंभीर बताए जा रहे हैं। कई इलाकों में घरों के अंदर 4 से 6 फीट तक पानी भर गया है। करीब 40 हजार घरों के प्रभावित होने की बात सामने आई है। पानी बढ़ने के कारण कई परिवार घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर हैं।

घरों में पानी घुसने से फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य घरेलू वस्तुओं के खराब होने का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने राहत सामग्री और पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की शिकायत की है।

लोगों ने चंदा जुटाकर बनाया कच्चा बांध

लगातार बढ़ते पानी को रोकने के लिए कुछ इलाकों के लोगों ने खुद पहल की। स्थानीय निवासियों ने चंदा जुटाकर मिट्टी खरीदी और पानी को बस्तियों में घुसने से रोकने के लिए कच्चा बांध तैयार किया। हालांकि तेज बहाव के कारण पानी लगातार आगे बढ़ रहा है।

कुछ जगहों पर नाव की सुविधा नहीं मिलने के बाद लोगों ने खुद ही अस्थायी नाव तैयार कर ली। वहीं कृष्णलोक कॉलोनी में लोगों ने पानी से रास्ता बंद होने पर लकड़ी का अस्थायी पुल बना लिया है, जिससे वे जरूरी सामान लेने के लिए बाहर निकल रहे हैं।

पलासियो के पास छह पंप लगाए गए

फीनिक्स पलासियो मॉल की ओर जलभराव कम करने के लिए छह पंप लगाए गए हैं। इनके जरिए सड़क पर जमा पानी निकालने का प्रयास किया जा रहा है। भारी जलभराव के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ है और कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है।

इकाना रैंप से पलासियो वाई-कट की ओर जाने वाले मार्ग पर भी आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जा रहा है।

राहत व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी

फैजुल्लागंज में समय पर खाना और पीने का पानी नहीं मिलने को लेकर लोगों में नाराजगी है। राहत और रेस्क्यू को लेकर स्थानीय लोगों और NDRF टीम के बीच नोकझोंक की स्थिति भी बनी।

बाढ़ प्रभावित लोगों का कहना है कि कई परिवार पानी के बीच फंसे हैं और उन्हें भोजन, पानी तथा सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त मदद की जरूरत है। प्रशासन की ओर से जलनिकासी और राहत कार्य जारी रखने की बात कही जा रही है।

About NW-Editor

Check Also

लखनऊ में बाढ़ का कहर: गोमती के तेज बहाव में युवक की मौत, हजारों घरों में पानी; लोग पलायन को मजबूर

लखनऊ। गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से राजधानी के कई इलाकों में बाढ़ के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *