Breaking News

फतेहपुर में चोरी की वारदातों का खुलासा, सात आरोपी गिरफ्तार; लाखों का सामान और नकदी बरामद

फतेहपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र में बंद मकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए सात शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दोनों चोरी की घटनाओं का शत-प्रतिशत चोरी का माल, आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 34,400 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त कैरेंस कार समेत ताला तोड़ने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरोह का नेटवर्क उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ मध्य प्रदेश तक फैला हुआ है।

पुलिस लाइन के सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि 4-5 और 16 सितंबर को कोतवाली क्षेत्र में चोरी की दो घटनाएं हुई थीं। दोनों वारदातों को एक ही तरीके से अंजाम दिया गया था। पहली घटना साइबिगहिया कॉलोनी और दूसरी घटना शेखपुर इनवां में हुई थी। यहां बंद घरों के ताले तोड़कर जेवरात समेत अन्य सामान चोरी किया गया था।

दोनों घटनाओं में सामने आए सीसीटीवी फुटेज पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुए। फुटेज के आधार पर संदिग्धों और उनके आवागमन में इस्तेमाल किए गए वाहनों की जांच शुरू की गई। मंगलवार को कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विकास नागर, अनमोल सिंह, जयशिव गुप्ता, विकास निषाद, राहुल गुप्ता, मिथुन सिंह और दीपक उर्फ अंशु को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों के कब्जे से दोनों चोरी की घटनाओं का शत-प्रतिशत माल बरामद किया गया। इसके अलावा कार से तीन पाइप रिंच, प्लास, कटर, दो पेचकस और दो सब्बल भी बरामद हुए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चार पहिया वाहन से रिहायशी इलाकों में बंद मकानों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही मकान का ताला और दरवाजा तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस का कहना है कि कार पर राजनीतिक दल का स्टीकर पुलिस से बचने के उद्देश्य से लगाया गया था।

गिरफ्तार आरोपियों में अधिकांश कानपुर के रहने वाले हैं। विकास नागर, अनमोल सिंह, जयशिव गुप्ता, विकास निषाद, राहुल गुप्ता और मिथुन सिंह के पते कानपुर नगर से जुड़े हैं। वहीं दीपक उर्फ अंशु फतेहपुर के बिंदकी थाना क्षेत्र के जरौली गांव का निवासी है।

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने गिरोह का खुलासा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है। गिरोह का पर्दाफाश करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार मिश्रा मय टीम, प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह मय टीम, सर्विलांस सेल और उपनिरीक्षक प्रवीण यादव मय क्राइम डिटेक्शन टीम शामिल रही।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में सरिता भारती को मिली अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी, योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता

फतेहपुर। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के पद पर सरिता भारती ने मंगलवार को कार्यभार ग्रहण …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *