फतेहपुर। सोशल मीडिया पर हुसैनगंज विधानसभा के पूर्व विधायक एवं उत्तर प्रदेश शासन के पूर्व राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह को जान से मारने और गोली से उड़ा देने की धमकी देने के मामले में हथगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने धमकी देने वाले आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर को हथगांव थाना क्षेत्र के तेहीपारा निवासी गणेशी साहू ने तहरीर देकर बताया था कि फेसबुक अकाउंट धर्मवीर से पूर्व विधायक के खिलाफ जान से मारने और गोली से उड़ा देने की धमकी दी गई है। इसके साथ ही अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए टिप्पणी भी की गई थी।
मामले में हथगांव थाने में मुकदमा संख्या 170/2026 के तहत धारा 353(2), 351(2) और 356(2) बीएनएस में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी थरियांव के पर्यवेक्षण में हथगांव पुलिस तथा सर्विलांस टीम को आरोपी की तलाश में लगाया गया।
तकनीकी निगरानी और लगातार किए गए प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने रविवार को आरोपी धर्मवीर सिंह पुत्र सूरजभान सिंह, निवासी ग्राम सिठौरा, थाना हथगांव, जनपद फतेहपुर को हरियाणा के जनपद नारनौल स्थित निजामपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से धमकी देने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया।
गांव के विवाद को लेकर था नाराज
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि गांव में रास्ते और नाली को लेकर विवाद चल रहा था। उसका आरोप था कि ग्राम प्रधान द्वारा गांव में विकास कार्य नहीं कराए जा रहे हैं और उसके परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल रहा है।
इसी बात को लेकर नाराज होकर आरोपी ने अपने फेसबुक अकाउंट से पूर्व विधायक के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए उन्हें जान से मारने और गोली से उड़ा देने की धमकी दे दी।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, सर्विलांस सेल की टीम, उपनिरीक्षक राजन कन्नौजिया, कांस्टेबल सूरज यादव और महिला कांस्टेबल मोनिका रावत शामिल रहीं।
News Wani
