चरखारी (महोबा)। तहसील क्षेत्र के ग्राम गुढ़ा स्थित पावर हाउस से जुड़े करीब एक दर्जन गांवों में पिछले एक सप्ताह से रात के समय लगातार बिजली कटौती किए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। बरसात के मौसम में रात के समय बिजली गुल रहने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नाराज ग्रामीण रविवार को बड़ी संख्या में गुढ़ा पावर हाउस पहुंचे और विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।
ग्रामीणों ने पावर हाउस पहुंचकर विद्युत विभाग के कर्मचारी अनुरुद्ध सिंह से बिजली कटौती के संबंध में जानकारी ली। कर्मचारी ने बताया कि रोस्टिंग चल रही है। जब ग्रामीणों ने पूछा कि रोस्टिंग किसके कहने पर की जा रही है तो कर्मचारी ने बताया कि जेई साहब के निर्देश पर रोस्टिंग हो रही है।
इसके बाद ग्रामीणों ने जेई से फोन पर बात की तो उन्होंने एसडीओ और एक्सईएन से बात करने के लिए कहा। समस्या का तत्काल समाधान न होने पर ग्रामीणों ने विधायक प्रतिनिधि उदित राजपूत से संपर्क किया। विधायक प्रतिनिधि ने तत्काल एक्सईएन से बात की, जिसके बाद बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई। हालांकि करीब दस-पंद्रह मिनट बाद ही दोबारा बिजली काट दिए जाने से ग्रामीणों में और अधिक नाराजगी फैल गई।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समय क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के चलते कई मकान गिर चुके हैं और रात में अंधेरे के कारण लोगों को विशेष परेशानी हो रही है। बरसात के मौसम में जहरीले सांप निकलने की घटनाएं भी होती रहती हैं। ऐसे में रात के समय बिजली आपूर्ति बाधित रहने से किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि विद्युत विभाग ने रात के समय की जा रही अघोषित बिजली कटौती में सुधार नहीं किया तो गुढ़ा पावर हाउस से जुड़े सभी गांवों के ग्रामीण सड़क पर उतरकर आंदोलन और प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
बताया गया कि बिजली कटौती की समस्या को लेकर करीब दो दर्जन ग्रामीण गुढ़ा पावर हाउस पहुंचे और विद्युत विभाग के कर्मचारियों के समक्ष अपनी नाराजगी दर्ज कराई।

News Wani