कोलकाता: पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेताओं के खिलाफ जनता का गुस्सा लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। शनिवार रात कोलकाता के कमरहाटी इलाके में टीएमसी विधायक मदन मित्रा की कार पर लोगों ने हमला कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए और उनकी गाड़ी पर अंडे फेंक दिए। आरोप है कि प्रदर्शन कर रहे लोग वर्षों से कथित तौर पर ‘कटमनी’ के नाम पर वसूले गए पैसे वापस करने की मांग कर रहे थे। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अरियादाहा में घिरी विधायक की कार, अंडे फेंककर जताया विरोध: घटना कमरहाटी के अरियादाहा इलाके की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने अचानक मदन मित्रा की गाड़ी को घेर लिया और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि उनसे लंबे समय से ‘कटमनी’ के नाम पर पैसे लिए गए थे और अब वे अपनी रकम वापस चाहते हैं। विरोध के दौरान लोगों ने कार पर अंडे भी फेंके।
मदन मित्रा बोले- मैं कार में था ही नहीं: घटना के बाद टीएमसी विधायक मदन मित्रा ने दावा किया कि जिस समय हमला हुआ, उस वक्त वह गाड़ी में मौजूद नहीं थे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने उनके ड्राइवर के साथ मारपीट की और वाहन को निशाना बनाया।
ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की बैठक में बढ़ा विवाद: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कमरहाटी के वार्ड नंबर-14 के एक पार्षद के घर के बाहर ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की बैठक चल रही थी। बैठक में शामिल लोगों का आरोप था कि स्थानीय नेताओं द्वारा वर्षों से उनसे अवैध वसूली की जा रही थी। इसी दौरान विरोध तेज हो गया और नारेबाजी शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ती देख मदन मित्रा वहां से निकल गए।
बीजेपी बोली- बंगाल के लोगों का गुस्सा सामने आ रहा है: मामले पर बीजेपी सांसद राजू बिस्ता ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बीजेपी हिंसा की राजनीति में विश्वास नहीं करती, लेकिन पश्चिम बंगाल की जनता पिछले 15 वर्षों से टीएमसी शासन से नाराज है। उन्होंने कहा कि लोगों का पैसा लूटा गया और जनता में गुस्सा स्वाभाविक है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि हिंसा किसी समस्या का समाधान नहीं है और शिकायतों के लिए कानूनी रास्ता अपनाना चाहिए।
10 दिनों में TMC के तीसरे बड़े नेता पर हमला: पिछले 10 दिनों में यह तीसरा मौका है, जब किसी बड़े टीएमसी नेता को जनता के विरोध का सामना करना पड़ा है।
30 मई : अभिषेक बनर्जी पर हमला: दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर में हिंसा प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर ईंट, पत्थर और अंडे फेंके गए थे। धक्का-मुक्की में उनके घायल होने की भी खबर सामने आई थी।
31 मई : कल्याण बनर्जी पर पथराव: हुगली जिले में विरोध प्रदर्शन के दौरान टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी पर पत्थर फेंके गए थे। इस हमले में उनके सिर पर चोट लगी थी और बाद में वह सिर पर पट्टी बांधे नजर आए थे।
गिरफ्तार नेताओं के खिलाफ भी फूटा था गुस्सा: टीएमसी नेता जय प्रकाश मजूमदार और पूर्व मंत्री स्वरूप बिस्वास की अदालत में पेशी के दौरान भी बड़ी संख्या में लोग अंडे लेकर पहुंचे थे और जवाबदेही की मांग करते हुए नारेबाजी की थी।
क्या बंगाल में बढ़ रहा है जनता का असंतोष?: लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। विपक्ष इसे जनता के बढ़ते असंतोष का संकेत बता रहा है, जबकि टीएमसी नेताओं का कहना है कि उनके खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।
News Wani
