फतेहपुर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ. युगराज सिंह लॉ कॉलेज में चयनित फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम दो बैचों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स को जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और मोबाइल ऐप के इस्तेमाल की जानकारी दी गई।
अपर उप जिलाधिकारी एवं प्रभारी जनगणना अधिकारी ने प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना के द्वितीय चरण की कार्यप्रणाली और आगामी गणना प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने तथा गणना कार्य में शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स को गणना प्रक्रिया, प्रपत्रों के प्रयोग, मोबाइल एप्लीकेशन और तकनीकी प्रक्रिया समेत अन्य जरूरी बिंदुओं का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स आगे प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। ऐसे में उन्हें गणना प्रक्रिया की पूरी जानकारी और तकनीकी दक्षता हासिल करना जरूरी है।
प्रशिक्षणार्थियों से कहा गया कि प्रशिक्षण में हासिल जानकारी को फील्ड स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करते हुए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण दें। इस दौरान संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, मास्टर ट्रेनर्स और फील्ड ट्रेनर्स मौजूद रहे।
News Wani
