Breaking News

महोबा में ‘वृक्षारोपण महायज्ञ’ का आगाज: 76.83 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

-अतिक्रमण मुक्त कराई गई 24 सरकारी जमीनों पर शुरू हुआ महाअभियान

-SC-ST आयोग के उपाध्यक्ष ने पीपल का पौधा रोपकर किया शुभारंभ

महोबा। उत्तर प्रदेश सरकार के प्रदेशव्यापी 35 करोड़ पौधारोपण अभियान के तहत महोबा जिले में भी ‘वृक्षारोपण महायज्ञ’ का भव्य शुभारंभ हुआ। जिले को कुल 76 लाख 83 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य सौंपा गया है। इस अभियान की सबसे अनूठी विशेषता यह है कि इसे हाल ही में अतिक्रमण मुक्त कराई गई 24 सरकारी जमीनों पर केंद्रित किया गया है। नाग देवता मंदिर परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने पीपल का पौधा रोपकर महाअभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जीत सिंह खरवार ने कहा—”जिस प्रकार एक मां अपने बच्चे का स्नेहपूर्वक पालन-पोषण करती है, उसी प्रकार प्रत्येक नागरिक को अपने द्वारा रोपे गए पौधे को बड़ा होने तक संरक्षित करने की जिम्मेदारी उठानी होगी।”
जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने बताया कि जिले में ऐसे 24 स्थान चिह्नित किए गए हैं, जहां से अवैध अतिक्रमण हटाया गया था। अब इन जमीनों को पूरी तरह सुरक्षित करने के लिए तारबंदी (फेंसिंग) कराई जा रही है और पानी के स्थायी स्रोत मेंटेन किए जा रहे हैं।
विशेष रूप से ऐतिहासिक गोरखगिरी की तलहटी और चंद्रावल नदी के तटवर्ती 10 गांवों में अतिक्रमण हटाकर बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जा रहा है। यह महाअभियान पूरे माह जारी रहेगा। जिले के लक्ष्य को समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए 25 अलग-अलग सरकारी विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद अतिथियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अपने संदेश लिखे और आम जनमानस से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम के प्रारंभ में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज, एसपी शशांक सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी देवाशीष जेना एवं वन क्षेत्राधिकारी राजीव श्रीवास ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी संजय कुमार खत्री, सदर विधायक राकेश गोस्वामी और जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी व एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर सहित कई जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने पौधरोपण कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

About NW-Editor

Check Also

*लकड़ी टाल संचालक के घर चोरी, 3 लाख कैश और एक किलो चांदी पार*,

शेखूनगर में वारदात: ताले तोड़कर ले गए माल, भागते समय मौके पर ही चप्पलें और …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *