Breaking News

फतेहपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 141 जोड़ों ने शुरू की नई जिंदगी, जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद

बिंदकी, फतेहपुर। मलवां विकासखंड के गोपालगंज स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में सोमवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। मंगलगीतों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 141 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। वर-वधुओं ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। इस दौरान पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट और मंगलगीतों से गूंज उठा। समारोह में खुशी और उत्साह का माहौल रहा। प्रशासन की देखरेख में विवाह की रस्में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराई गईं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिंदकी विधायक जयकुमार सिंह जैकी, क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष शशि रंजीत सिंह, नगर पालिका बिंदकी अध्यक्ष राधा साहू, समाज कल्याण विभाग के एडीओ नीरज कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष रमाकांत त्रिपाठी, महेश सिंह गौतम और पंकज शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की।

आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन में मलवां विकासखंड के 49, तेलियानी के 49, खजुहा के 34 तथा नगर पालिका बिंदकी के नौ जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ।

सरकार की ओर से नवविवाहित जोड़ों को उपहार स्वरूप कपड़े, बर्तन, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। इसके साथ ही योजना के तहत कन्या के खाते में सहायता राशि भेजने की प्रक्रिया भी पूरी की गई।

समारोह में वर-वधुओं के परिजनों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर आईटीआई में खाली सीटों पर प्रवेश का मौका, अभ्यर्थी 15 अक्टूबर तक जमा करें रैंक कार्ड

फतेहपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026 के चौथे चरण की प्रवेश प्रक्रिया …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *