फतेहपुर। शहर की चरमराई यातायात व्यवस्था, बढ़ते हादसों की आशंका और जनसुरक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है। जिलाध्यक्ष बृजेश सोनी के नेतृत्व में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर जनहित से जुड़े मुद्दों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
व्यापार मंडल ने रोडवेज बसों के परिसर के बाहर से संचालन को यातायात व्यवस्था में बड़ी बाधा बताते हुए बसों का संचालन बस स्टेशन परिसर के अंदर से कराए जाने की मांग की। साथ ही, शादीपुर स्थित इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम को आबादी क्षेत्र से बाहर स्थानांतरित कराने की मांग भी ज्ञापन में प्रमुखता से उठाई गई।
मेडिकल कॉलेज के सामने फुटओवर ब्रिज निर्माण की मांग को भी व्यापार मंडल ने जनहित से सीधे जुड़ा मुद्दा बताया। व्यापार मंडल के अनुसार हाईवे पार कर मेडिकल कॉलेज जाने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को जान जोखिम में डालकर सड़क पार करनी पड़ती है। ऐसे में यहां फुटओवर ब्रिज बनने से सड़क पार करने के दौरान होने वाले हादसों की आशंका को कम किया जा सकेगा।
ज्ञापन में सड़क सुरक्षा समिति में व्यापार मंडल की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग भी की गई। इसके अलावा शहर की सड़कों के बीच आ चुके विद्युत पोलों को तत्काल हटाकर सड़क किनारे स्थानांतरित कराने की मांग उठाई गई, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और दुर्घटनाओं का खतरा कम हो।
इस अवसर पर जिला संरक्षक विनोद गुप्ता, जिला प्रभारी संजय गुप्ता, रज्जन गुप्ता, संजय जौहरी, मो. आसिफ एडवोकेट, अनीत अग्रहरी एडवोकेट, धीरज कुमार, बृजेंद्र यादव एडवोकेट सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
News Wani
