उत्तर प्रदेश में बाढ़ और बारिश की स्थिति
लखनऊ। नेपाल के पहाड़ी इलाकों में हुई भारी बारिश और बैराजों से छोड़े गए पानी के कारण उत्तर प्रदेश की कई प्रमुख नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। घाघरा, सरयू, गंगा और रामगंगा समेत कई नदियां उफान पर हैं। बाराबंकी में सरयू नदी के तेज कटान से करीब 1100 साल पुराने बाबा नारायण दास मंदिर पर खतरा मंडरा रहा है। मंदिर को बचाने के लिए ग्रामीण और श्रद्धालु पूजा-अर्चना व हवन कर रहे हैं।
बाराबंकी के रामनगर क्षेत्र के हेतमापुर में सरयू नदी लगातार किनारों का कटान कर रही है। नदी का पानी खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के बाद कटान मंदिर तक जा पहुंचा है। मंदिर का एक हिस्सा नदी की ओर लटक गया है। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने मंदिर की सुरक्षा के लिए पूजा-पाठ शुरू किया है।
उन्नाव में घरों और गलियों में पहुंचा बाढ़ का पानी
उन्नाव में गंगा का जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती इलाकों में पानी घुस गया है। कई घरों में बाढ़ का पानी पहुंचने के बाद लोगों को छतों पर रहने के लिए मजबूर होना पड़ा। आवागमन के लिए गलियों में नावों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
फतेहपुर में 10 मीटर संपर्क मार्ग बहा
फतेहपुर की बिंदकी तहसील के मलवां क्षेत्र में गंगा और पांडु नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। तेज बहाव के कारण आशापुर से जाड़े का पुरवा और अवसेरी खेड़ा जाने वाला करीब 10 मीटर संपर्क मार्ग बह गया। रास्ता टूटने से ग्रामीणों के सामने आवागमन की समस्या खड़ी हो गई है। नदी किनारे कटान भी शुरू हो गया है।
गोंडा में 20 गांवों की आबादी प्रभावित
गोंडा में घाघरा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। करीब 20 गांवों की लगभग 18 हजार आबादी बाढ़ से प्रभावित बताई गई है। कई घरों में पानी घुसने के साथ हजारों बीघे फसल भी जलमग्न हो गई है। कुछ इलाकों में नदी के कटान से जमीन और फसल नदी में समाने की स्थिति बनी हुई है।
बहराइच में 15 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित
बहराइच में घाघरा नदी खतरे के निशान से करीब 70 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। लगातार बारिश और बैराजों से पानी छोड़े जाने के कारण महसी और मोतीपुर तहसील के कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। करीब 15 हजार लोगों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।
मऊ में सरयू खतरे के निशान से ऊपर
मऊ के दोहरीघाट क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 55 सेंटीमीटर ऊपर दर्ज किया गया। निचले इलाकों में बाढ़ का पानी पहुंचने लगा है। बांधों के नीचे की फसलें डूबने से किसानों के सामने फसल और पशुओं के चारे का संकट खड़ा हो गया है।
वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ा
वाराणसी में मौसम साफ रहने के बावजूद गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। नदी का पानी बढ़ने से कई घाटों का संपर्क टूट गया है। पानी दोबारा घाटों तक पहुंचने के कारण दुकानदारों को अपना सामान हटाना पड़ा है।
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की विदाई शुरू
प्रदेश में अब मौसम का मिजाज बदल रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। आने वाले दिनों में नमी कम होने और तेज धूप के कारण तापमान बढ़ने की संभावना बताई गई है। हालांकि स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के चलते कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
News Wani
