Breaking News

शाहजहांपुर में अतिवृष्टि से 60 सड़कें क्षतिग्रस्त, गांवों में पहुंची राजस्व टीमें; जेसीबी से रास्ते बहाल करने का काम शुरू

जलालाबाद (शाहजहांपुर)। क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश और अतिवृष्टि ने जमकर कहर बरपाया है। खेतों में पानी भरने से फसलों को भारी नुकसान हुआ है, वहीं कई कच्चे मकान भी बारिश की मार से क्षतिग्रस्त हो गए। अतिवृष्टि से करीब 60 सड़कें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। हालात को देखते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं।

क्षेत्रीय विधायक हरिप्रकाश वर्मा सोमवार सुबह छह बजे से ही प्रभावित इलाकों के दौरे पर निकल पड़े। उन्होंने गांवों और खेतों में पहुंचकर अतिवृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लिया। विधायक के निर्देश पर जलालाबाद व कलान के एसडीएम, तहसीलदार, कानूनगो और लेखपाल समेत राजस्व विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर नुकसान का स्थलीय निरीक्षण कर रही हैं।

भारी बारिश और जलभराव के कारण क्षेत्र की करीब 60 सड़कें क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। इसे लेकर विधायक ने लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं के साथ आपात बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। पीडब्ल्यूडी की टीमें क्षतिग्रस्त मार्गों का सर्वे और वीडियोग्राफी कर रही हैं।

विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने बताया कि प्राथमिकता के आधार पर क्षतिग्रस्त मार्गों पर जेसीबी लगाकर आवागमन बहाल कराया जा रहा है। अतिवृष्टि से हुए नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी शाहजहांपुर को भेजी जा रही है। वहीं अत्यधिक क्षतिग्रस्त सड़कों और बड़े बजट वाली परियोजनाओं के पुनर्निर्माण के लिए विशेष प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजे जा रहे हैं।

विधायक ने बताया कि वह स्वयं लखनऊ रवाना हो रहे हैं। मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव से मुलाकात कर क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए जल्द बजट स्वीकृत कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को आवागमन की समस्या से जल्द राहत दिलाना प्राथमिकता है।

About NW-Editor

Check Also

मुरादाबाद में छत पर चढ़े 3 तेंदुए: यूपी में बारिश-बाढ़ से बिगड़े हालात, 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर; 600 परिवार सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे

उत्तर प्रदेश में लगातार चार दिनों तक हुई बारिश के बाद कई जिलों में बाढ़ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *