Breaking News

80 घंटे से बिजली गुल, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, विद्युत निगम के खिलाफ नारेबाजी, अफतियापुर फीडर से जुड़े नगलाजाजू गांव की आपूर्ति ठप

कांट/शाहजहांपुर। जलालाबाद विद्युत उपकेंद्र के अफतियापुर फीडर से जुड़े नगलाजाजू गांव में करीब 80 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों ने एकजुट होकर विद्युत निगम के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई।

ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 11 बजे गांव की बिजली आपूर्ति बंद हुई थी। सोमवार शाम तक करीब 80 घंटे बीत जाने के बावजूद बिजली बहाल नहीं हो सकी। लगातार तीन दिन से बिजली नहीं आने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि अफतियापुर फीडर से जुड़े कुछ अन्य गांवों में बिजली आपूर्ति शुरू हो गई, लेकिन नगलाजाजू में अभी भी स्थिति सामान्य नहीं हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव तक आने वाली विद्युत लाइन में गांव से पहले कोई पोल टूटने की जानकारी भी नहीं है। इसके बावजूद आपूर्ति बहाल नहीं होने से लोगों में आक्रोश है।

बिजली नहीं होने से रोजमर्रा के काम प्रभावित

लगातार बिजली कटौती के कारण घरों में लगे विद्युत उपकरण बंद पड़े हैं। पानी की व्यवस्था, मोबाइल चार्जिंग और अन्य जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि मरम्मत कार्य में तेजी लाकर जल्द से जल्द गांव की बिजली आपूर्ति सामान्य की जाए।

17 बिजली के पोल टूटने की जानकारी

विद्युत विभाग के एसडीओ सौरभ शाक्य के अनुसार, जलालाबाद विद्युत उपकेंद्र से जुड़े अलग-अलग फीडरों में कुल 17 विद्युत पोल टूटे हैं। कुछ ब्रांचों में अभी बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। मरम्मत के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं। विभाग को उम्मीद है कि मंगलवार तक बिजली व्यवस्था सामान्य हो जाएगी।

ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से बिजली बाधित होने के कारण उन्हें काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जल्द मरम्मत पूरी कर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

About NW-Editor

Check Also

शाहजहांपुर में सात दिवसीय श्रीराम कथा का समापन, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

शाहजहांपुर। पुवायां क्षेत्र के डूडा मुकीमपुर गांव स्थित श्री बिलहा बाबा स्थान पर आयोजित सात …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *