Breaking News

रेल समस्याओं को लेकर नरमू ने किया धरना-प्रदर्शन: डीआरएम को पच्चीस सूत्रीय मांग पत्र भेजा, हल न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

रोजा, शाहजहांपुर। रेल कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मंगलवार को नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन (नरमू) ने रोजा में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। यूनियन पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए रोजा लॉबी के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान रेलवे कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं को लेकर 25 सूत्रीय मांग पत्र डीआरएम मुरादाबाद को भेजा गया।

सुबह नरमू की रोजा शाखा कार्यालय पर पदाधिकारी और दर्जनों रेल कर्मचारी एकत्र हुए। इसके बाद सभी नारेबाजी करते हुए रोजा लॉबी के बाहर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने रेलवे आवासों की खराब स्थिति समेत कई समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

रेलवे आवासों की स्थिति सुधारने की मांग

धरने में वक्ताओं ने कहा कि रोजा में रेलवे आवासों की स्थिति लंबे समय से खराब है। कर्मचारियों ने सीमेंट की चादरों वाली छतों को हटाकर आरसीसी की छत बनवाने, आवासों के दरवाजों पर जाली लगवाने और पेयजल की उचित व्यवस्था कराने की मांग की।

आवासों के आसपास जलभराव की समस्या दूर करने के लिए नाले और नालियों का निर्माण कराने की भी मांग रखी गई। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि ऐगवां रेलवे स्टेशन पर रेलवे आवासों को जिस तरह व्यवस्थित किया गया है, उसी तरह रोजा के रेलवे आवासों को भी बेहतर तरीके से विकसित किया जाए।

हेल्थ यूनिट और रेलवे आवासों से जुड़ी मांगें

यूनियन ने रोजा हेल्थ यूनिट में महिला चिकित्सक की नियुक्ति करने और टोडरपुर रेलवे स्टेशन पर नए रेलवे आवास बनाने की प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की। इसके अलावा रेलवे बोर्ड के निर्धारित नाइट इन बेड के समय में सुधार करने की मांग भी उठाई गई।

रनिंग रूम में रात्रि विश्राम की अवधि को नाइट इन बेड में मुख्यालय की तरह शामिल किए जाने पर भी यूनियन ने आपत्ति जताई और व्यवस्था में सुधार की मांग की।

गेटमैन और लोको पायलटों की समस्याएं भी उठाईं

धरने के दौरान सभी गेटमैन की ड्यूटी आठ घंटे करने की मांग रखी गई। कर्मचारियों ने बताया कि लोको पायलटों के लिए इस्तेमाल होने वाला सीएमएस ऐप पिछले कुछ दिनों से ठीक से काम नहीं कर रहा है। इसके कारण रनिंग स्टाफ को बुकिंग संबंधी जानकारी देखने में परेशानी हो रही है। यूनियन ने ऐप की तकनीकी समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की।

इसके साथ ही एलपीजी में पदोन्नति के आदेश जारी करने की मांग भी रखी गई। विभागीय एएलपी परीक्षा के तहत मंडल में 309 कर्मचारियों के चयन के बाद साइको प्रक्रिया नहीं हो पाने का मुद्दा भी उठाया गया। यूनियन ने मुख्यालय से साइको की तारीख निर्धारित कराने की मांग की।

समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

नरमू पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाना चाहिए। 25 सूत्रीय मांग पत्र के माध्यम से रेलवे प्रशासन के सामने सभी प्रमुख समस्याएं रखी गई हैं। मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर यूनियन की ओर से आंदोलन को आगे बढ़ाने की चेतावनी दी गई।

धरना-प्रदर्शन में शाखा अध्यक्ष अवधेश कुमार, शाखा सचिव अमित भागवत मिश्र, चंदन कुमार, शमीम खान, मिल्लत अंसारी, एसए खान, एमके गुप्ता, मनोज सिंह कुशवाहा, हितेश कुमार, राहुल भट्ट, रवि भूषण और प्रणीत मिश्रा समेत कई रेलकर्मी मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

शाहजहांपुर में सात दिवसीय श्रीराम कथा का समापन, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

शाहजहांपुर। पुवायां क्षेत्र के डूडा मुकीमपुर गांव स्थित श्री बिलहा बाबा स्थान पर आयोजित सात …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *