फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर फटने से हुए दर्दनाक हादसे के बाद मंगलवार को जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत पाल सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने हादसे में प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया।
प्रभारी मंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक सौंपे। वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी गई। उन्होंने पीड़ित परिवारों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली और प्रशासनिक अधिकारियों से भी हादसे से जुड़ी स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद प्रभारी मंत्री मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां हादसे में घायल लोगों का इलाज चल रहा है। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों का हाल जाना और उनके परिजनों से भी बातचीत की। प्रभारी मंत्री ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ है और घायलों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को राहत और उपचार से जुड़ी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।
घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से हादसे की परिस्थितियों और राहत कार्यों की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई।
इस दौरान बिन्दकी विधायक जय कुमार सिंह ‘जैकी’, जहानाबाद विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, उप जिलाधिकारी बिन्दकी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
News Wani
