दुबई। महिला एशिया कप के पहले सेमीफाइनल में भारत और बांग्लादेश की महिला क्रिकेट टीमें आमने-सामने होंगी। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में खासा उत्साह है। भारतीय टीम टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी मुकाबले जीत चुकी है और अब उसकी नजर फाइनल में जगह बनाने पर है।
भारत का बांग्लादेश के खिलाफ भी रिकॉर्ड बेहद मजबूत रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 24 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारतीय टीम ने 21 मैचों में जीत दर्ज की है। वहीं, बांग्लादेश के खिलाफ पिछले 8 महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारत को हार नहीं मिली है। बांग्लादेश ने आखिरी बार 13 जुलाई 2023 को भारत को शिकस्त दी थी।
ग्रुप स्टेज में अजेय रहा भारत
भारतीय महिला टीम ने ग्रुप-ए में तीनों मुकाबले जीतकर 6 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। भारत ने थाईलैंड को 94 रन, हॉन्गकॉन्ग को 137 रन और पाकिस्तान को 7 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
दूसरी ओर बांग्लादेश ने ग्रुप-बी में 4 अंक हासिल किए और दूसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल का टिकट कटाया। टीम ने इंडोनेशिया को 71 रन और यूएई को 34 रन से हराया, जबकि श्रीलंका के खिलाफ उसे 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
स्मृति मंधाना और शेफाली पर रहेंगी निगाहें
भारतीय बल्लेबाजी की सबसे बड़ी ताकत स्मृति मंधाना बनी हुई हैं। उन्होंने टूर्नामेंट के तीन मुकाबलों में 152 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 178.82 रहा है। हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ उन्होंने 124 रन की शानदार शतकीय पारी खेली थी।
स्मृति की ओपनिंग पार्टनर शेफाली वर्मा भी अच्छी लय में हैं। उन्होंने तीन मैचों में 104 रन बनाए हैं। ऐसे में सेमीफाइनल में भारतीय टीम को दोनों सलामी बल्लेबाजों से तेज शुरुआत की उम्मीद होगी।
गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा का शानदार प्रदर्शन
भारत की गेंदबाजी की अगुआई दीप्ति शर्मा कर रही हैं। उन्होंने तीन मैचों में महज 1.90 की इकोनॉमी से 8 विकेट अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बिना कोई रन दिए 3 विकेट रहा है।
दीप्ति के अलावा नंदनी शर्मा और प्रेमा रावत ने भी 5-5 विकेट लेकर टीम की गेंदबाजी को मजबूती दी है। दुबई की पिच पर स्पिन गेंदबाजों को मिलने वाली मदद भारत के लिए अहम साबित हो सकती है।
बांग्लादेश की उम्मीद शोभना और मारुफा
बांग्लादेश की टीम की नजर शोभना मोस्तारी और मारुफा अख्तर के प्रदर्शन पर रहेगी। शोभना ने टूर्नामेंट में तीन मैचों में 77 रन बनाए हैं और टीम की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं।
गेंदबाजी में मारुफा अख्तर ने अब तक शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 21 रन देकर 3 विकेट रहा है। भारतीय बल्लेबाजों के सामने मारुफा की गेंदबाजी चुनौती बन सकती है।
दुबई की पिच पर स्पिनर्स को मिल सकती है मदद
दुबई में खेले गए ग्रुप स्टेज के मुकाबलों में स्पिन गेंदबाजों का प्रभाव देखने को मिला है। टूर्नामेंट में अब तक यहां 12 मुकाबले खेले गए हैं और केवल भारत ही 150 से ज्यादा का स्कोर बनाने में सफल रहा है, वह भी दो बार।
आंकड़ों के मुताबिक 12 में से 8 मुकाबलों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत हासिल की है। हालांकि, आखिरी ओवरों में रन बनाना आसान नहीं रहा है। गर्मी और उमस के बीच पिच के धीमे होने से स्पिनर्स को फायदा मिल सकता है।
संभावित प्लेइंग-11
भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, भारती फुलमाली, रिचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़ और नंदनी शर्मा।
बांग्लादेश: निगार सुल्ताना (कप्तान एवं विकेटकीपर), दिलारा अक्तर, शरमीन अख्तर, जुएरिएया फेरदौस, शोभना मोस्तारी, शोर्ना अक्तर, राबेया खान, नाहिदा अक्तर, सुल्ताना खातून, मारुफा अख्तर और फहीमा खातून।
भारत के सामने फाइनल में पहुंचने का मौका
भारतीय टीम मौजूदा टूर्नामेंट में लगातार जीत के साथ आत्मविश्वास से भरी है। बल्लेबाजी में स्मृति-शेफाली की जोड़ी और गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा टीम की सबसे बड़ी ताकत हैं। दूसरी ओर बांग्लादेश उलटफेर करने के इरादे से मैदान में उतरेगा। ऐसे में सेमीफाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिल सकता है।
News Wani
