Breaking News

युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने की तैयारी, स्कूलों से गांवों तक चलेगा जागरूकता अभियान

फतेहपुर। युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने और समाज को तंबाकू मुक्त बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने अभियान तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम एवं तंबाकू मुक्त युवा अभियान-4.0 के अंतर्गत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यूबी सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न ब्लॉकों के चिकित्सक, आरबीएसके टीम के सदस्य तथा विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

बैठक में सीएमओ ने तंबाकू मुक्त युवा अभियान के उद्देश्यों और गतिविधियों की समीक्षा करते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और चिकित्सकों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया।

जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने और अधिक से अधिक विद्यालयों को तंबाकू मुक्त विद्यालय अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय समन्वय के माध्यम से निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने की बात कही।

उत्तर प्रदेश वॉलंटरी हेल्थ एसोसिएशन के रीजनल कोऑर्डिनेटर ने अभियान के छह प्रमुख संकेतकों की विस्तार से जानकारी दी। इनमें तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, शैक्षणिक संस्थानों में तंबाकू मुक्त दिशा-निर्देशों का पालन कराना, तंबाकू मुक्त गांवों का निर्माण, कोटपा अधिनियम-2003 एवं पीईसीए-2019 का प्रभावी क्रियान्वयन, सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार तथा विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की सहभागिता बढ़ाना शामिल है।

बैठक में सभी छह बिंदुओं के आधार पर कार्ययोजना तैयार करने, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और अभियान की गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से संचालित करने पर विशेष चर्चा हुई।

अंत में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने तंबाकू मुक्त समाज तथा स्वस्थ युवा पीढ़ी के निर्माण की सामूहिक शपथ लेते हुए अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

About NW-Editor

Check Also

नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए हुई परीक्षा, धाता केंद्र पर 229 अभ्यर्थियों ने छोड़ा मैदान

धाता, फतेहपुर। धाता इंटर कॉलेज में शनिवार को जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *