Breaking News

ईंट भट्ठे के पास दो बाइकों में टक्कर, 20 वर्षीय युवक ने रास्ते में तोड़ा दम

फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बारा मील के समीप चंदेल ईंट भट्ठे के पास दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के फिरोजपुर भखुवा गांव निवासी सुशील कुमार का 20 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार बाइक से घर से किसी काम के लिए निकला था। जब वह थाना क्षेत्र के 12 मील के समीप स्थित चंदेल ईंट भट्ठे के पास पहुंचा, तभी उसकी बाइक की दूसरे बाइक सवार से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में नीरज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल नीरज को इलाज के लिए हुसैनगंज सीएचसी पहुंचाया गया। वहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे अल्लीपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे कानपुर मेडिकल कॉलेज के लिए भी रेफर किया।

परिजन नीरज को कानपुर ले जाने के बजाय शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज कराने के लिए लेकर चले गए। वहां भी हालत में सुधार न होने पर डॉक्टर ने दोबारा कानपुर ले जाने की सलाह दी। परिजन उसे कानपुर लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

About NW-Editor

Check Also

बिंदकी में सड़क हादसा: बाइक अनियंत्रित होकर गिरी, 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत

फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के शहबाजपुर गांव के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *