Breaking News

आईटीआई फतेहपुर में युवाओं को कमाई के साथ मिलेगा काम का अनुभव, ‘अर्न व्हाइल यू लर्न’ योजना शुरू

फतेहपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) फतेहपुर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को व्यावहारिक अनुभव देने के साथ ही स्वावलंबी बनाने की दिशा में ‘अर्न व्हाइल यू लर्न’ पहल शुरू की गई है। इसके तहत कॉस्मेटोलॉजी और मैकेनिक मोटर व्हीकल ट्रेड के प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान वास्तविक कार्य करने और प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
प्रधानाचार्य, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान फतेहपुर ने बताया कि प्रशिक्षण निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के 9 जुलाई 2026 के निर्देश के क्रम में यह व्यवस्था शुरू की गई है। योजना का उद्देश्य प्रशिक्षार्थियों को किताबी एवं कार्यशाला प्रशिक्षण के साथ वास्तविक उपभोक्ताओं के कार्यों का अनुभव दिलाना है, ताकि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद वे रोजगार अथवा स्वरोजगार के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें।
योजना के तहत आम लोग मोटर व्हीकल से संबंधित कार्य एवं मरम्मत के साथ ब्यूटीशियन/कॉस्मेटोलॉजी संबंधी सेवाओं के लिए आईटीआई फतेहपुर आ सकते हैं। प्रशिक्षार्थी अपने संबंधित ट्रेड के अनुभवी अनुदेशकों एवं कार्यदेशकों की देखरेख में कार्य करेंगे।
संस्थान में उपभोक्ताओं से सामान प्राप्त करने और कार्य पूरा होने के बाद सुरक्षित वापस सौंपने के लिए अधिकृत कर्मचारी तथा पंजिका की व्यवस्था की गई है। कार्य एवं मरम्मत का शुल्क न्यूनतम लागत और इस्तेमाल होने वाले संसाधनों के आधार पर पूर्व निर्धारित रखा जाएगा, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहेगी।
योजना के माध्यम से प्राप्त आय का निर्धारित हिस्सा कार्य करने वाले प्रशिक्षार्थियों को प्रोत्साहन राशि के रूप में दिया जाएगा, जबकि आवश्यक हिस्सा कच्चा माल खरीदने में खर्च किया जाएगा।
प्रधानाचार्य ने बताया कि सभी कार्य संबंधित ट्रेड के अनुदेशकों और कार्यदेशकों की निगरानी में सुरक्षा एवं गुणवत्ता के मानकों को ध्यान में रखते हुए कराए जाएंगे। इस पहल से जहां आम लोगों को उचित लागत पर सेवाएं उपलब्ध होंगी, वहीं प्रशिक्षार्थियों में कार्यकुशलता, आत्मविश्वास और स्वरोजगार की क्षमता भी विकसित होगी।

About NW-Editor

Check Also

महोबा में थाना समाधान दिवस पर सुनी गईं फरियादें, डीएम-एसपी ने त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

महोबा जिलाधिकारी प्रभास कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह द्वारा थाना महोबकंठ पहुँचकर क्षेत्र से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *