महोबा। जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को केवल पारिवारिक समारोह तक सीमित न रखकर समाज के बुजुर्गों के साथ खुशियाँ साझा करने की एक सराहनीय पहल देखने को मिली है। रोहित सिंह राजावत ने अपने पुत्र विहान के जन्मदिवस के अवसर पर वृद्धाश्रम पहुँचकर बुजुर्गों के बीच खुशियाँ मनाईं।
समारोह के दौरान वृद्धाश्रम में रह रहे वृद्धजनों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया और उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया गया। इस अवसर पर सभी बुजुर्गों को फल एवं मिठाइयाँ वितरित की गईं। रोहित सिंह राजावत ने बुजुर्गों से आत्मीयता से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके साथ समय व्यतीत किया, जिससे वृद्धजनों के चेहरों पर प्रसन्नता देखने को मिली।
पूर्व सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल से मिली सेवा कार्य की प्रेरणा-कार्यक्रम के दौरान रोहित सिंह राजावत ने बताया कि इस प्रकार के सामाजिक एवं सेवा कार्यों के लिए उन्हें पूर्व सांसद कुँवर पुष्पेंद्र सिंह चंदेल से प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद चंदेल हमेशा समाज के वंचित, असहाय और बुजुर्ग वर्ग के प्रति संवेदनशील रहने व सामाजिक दायित्वों को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित करते हैं। उसी प्रेरणा का अनुसरण करते हुए उन्होंने पुत्र विहान के जन्मदिवस की खुशियों को वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के साथ साझा करने का निर्णय लिया।
संस्कार और सामाजिक संवेदना का दिया संदेश-
रोहित सिंह ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और आज की व्यस्त जीवनशैली में उन्हें समय व सम्मान देना हम सभी का परम कर्तव्य है। यदि नई पीढ़ी को बचपन से ही सेवा और संस्कारों का महत्व समझाया जाए, तो उनमें सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।
वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने विहान के सुखद, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य के लिए सहृदय आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर अनूप सिंह एवं राहुल सिंह भी उपस्थित रहे और सेवा कार्य में अपनी सहभागिता निभाई।
News Wani
