Breaking News

फतेहपुर में सीवर लाइन की खुदाई से बढ़ी परेशानी, जलभराव और हादसों का खतरा; शासन से जांच की मांग

फतेहपुर। शहर में सीवर लाइन बिछाने के नाम पर जगह-जगह खोदी गई सड़कें अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही हैं। बारिश के बाद खुदाई वाले स्थानों पर जलभराव और कीचड़ से आवागमन प्रभावित होने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। बिना एनओसी सड़क खोदने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप लगाते हुए युवा विकास समिति ने मामला शासन तक पहुंचाया है। समिति ने मुख्य सचिव को शिकायती पत्र भेजकर सीवर लाइन निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

युवा विकास समिति के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्रा की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि शहर में सीवर लाइन निर्माण कार्य के दौरान संबंधित कार्यदायी संस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि कई स्थानों पर पर्याप्त तकनीकी अधिकारियों की मौजूदगी के बिना पेटी ठेकेदारों के माध्यम से काम कराया जा रहा है। इससे निर्माण की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के पालन को लेकर स्थिति संदिग्ध बनी हुई है।

समिति ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) और आवश्यक विभागीय अनुमति की स्थिति स्पष्ट किए बिना ही सड़कों की खुदाई कर दी गई। खुदाई वाले स्थानों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से राहगीरों, बच्चों और स्थानीय निवासियों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

शिकायती पत्र में सीवर लाइन निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने, मौके पर जिम्मेदार तकनीकी अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने और सड़क की खुदाई से पहले एनओसी सहित आवश्यक अनुमतियों की जांच कराने की मांग की गई है। इसके अलावा खुदाई वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन कराने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने की मांग भी उठाई गई है।

समिति ने जलभराव और कीचड़ की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग करते हुए निर्माण कार्य की तकनीकी गुणवत्ता की जांच कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों या कार्यदायी संस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में रक्तदान शिविर का आयोजन, 6 लोगों ने किया रक्तदान; 15 ने कराया पंजीकरण

फतेहपुर। शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह की जयंती, विश्व हृदय दिवस और सेवा माह के तहत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *