फतेहपुर। भिटौरा विकासखंड के ग्राम दलिपुर (छिटुन की कुरिया) मजरे रारा चांदपुर पोस्ट उमरी के ग्रामीणों ने गांव के जर्जर मार्गों को बनवाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सभी खराब रास्तों का निर्माण और मरम्मत कराने की मांग की।
डीएम को दिए गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि गांव में करीब 20 परिवार निवास करते हैं। गांव में आने-जाने के अधिकांश मार्ग कच्चे हैं। कई वर्ष पहले मनरेगा के तहत बनाए गए रास्ते वर्तमान में पूरी तरह जर्जर होकर गड्ढों में तब्दील हो चुके हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि रामजीत राजपूत पुत्र स्व. कालीचरन निवासी भिटौला की कुरिया मजरे ढकौली के घर से राजेश राजपूत के खेत तक बना खड़ंजा इंटरलॉकिंग रास्ता भी जर्जर हो चुका है। इसी तरह राजेश राजपूत के खेत से छिटुना की कुरिया होते हुए दलिपुर गांव तथा राजेश राजपूत के खेत से भोला साहू के घर होते हुए दलिपुर गांव तक जाने वाले कच्चे मार्गों पर भी अत्यधिक गड्ढे हो गए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार बरसात के दिनों में इन रास्तों की स्थिति बेहद खराब हो जाती है। लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विद्यालय जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को विशेष दिक्कत होती है। कई बार मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाना भी मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इन जर्जर रास्तों की शिकायत कई बार अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने मांग की कि गांव में स्थलीय निरीक्षण कराया जाए और जर्जर मार्गों को बनवाने के लिए उन्हें कार्ययोजना में शामिल किया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं।
इस मौके पर रविकरण, आकाश, आशीष कुमार, बालगोविंद, राधे, जितेंद्र कुमार, श्रवण कुमार, राम सिंह, चंदन, राजेंद्र, मेवा, राजकरन, छोटेलाल, दशरथ, छेद्दी देवी, राजेश, होरीलाल, मेवालाल, संतोषी आदि मौजूद रहे।
News Wani
