Breaking News

फतेहपुर में खेत में काम कर रही 17 वर्षीय किशोरी को सांप ने डसा, कानपुर में इलाज के दौरान मौत

फतेहपुर। औंग थाना क्षेत्र के दुर्गापुर मजरे बड़ाहार निवासी कमल की पुत्री शिवानी उर्फ मोटी (17) खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान अचानक सांप ने उसे डस लिया। सांप के काटने के बाद शिवानी की हालत बिगड़ने लगी। परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए कानपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शिवानी को बचाने के लिए उसे लेकर अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। किशोरी की मौत की खबर गांव पहुंचते ही आसपास के लोगों में भी शोक की लहर दौड़ गई।

कमल मूल रूप से महाराजपुर थाना क्षेत्र के डोमनपुर गांव का रहने वाला है। वह काफी समय से दुर्गागंज मजरे बड़ाहार में परिवार के साथ रह रहा था। शिवानी परिवार में मेहनत-मजदूरी और खेती के काम में हाथ बंटाती थी। खेत में काम करने के दौरान ही उसके साथ यह हादसा हुआ।

शिवानी की मौत के बाद उसकी बहनों प्रियंशी, अंशिका और नित्या, भाई अनुज तथा मां छोटी उर्फ मैना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों को शिवानी की अचानक मौत पर विश्वास नहीं हो रहा है। परिजनों का कहना है कि कुछ ही समय पहले शिवानी खेत में काम करने गई थी और सांप के डसने की घटना के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा।

ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के मौसम में खेतों और आसपास के इलाकों में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ग्रामीणों ने खेतों में काम करने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई है।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। गांव के लोग भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।

About NW-Editor

Check Also

धाता की कबड्डी टीमों का शानदार प्रदर्शन, जिला स्तरीय मुकाबले में करेंगी तहसील का प्रतिनिधित्व

धाता, फतेहपुर। नगर पंचायत स्थित धाता इंटर कॉलेज में मंगलवार को एक दिवसीय तहसील स्तरीय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *