फतेहपुर। इलाज की आस लेकर जिला अस्पताल पहुंचने वाले गरीब मरीजों को कथित दलालों के चंगुल से बचाने के लिए अब व्यापार मंडल ने प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। जिला स्तरीय व्यापार बंधु की बैठक में जन उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष चंदन सिंह चौहान ने जिला अस्पताल में कथित रूप से सक्रिय दलालों और अराजक तत्वों की गतिविधियों का मुद्दा जोरदार ढंग से उठाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग चिकित्सकों पर दबाव बनाकर कमीशन वाली बाहरी दवाएं लिखवाने का प्रयास करते हैं। इसके साथ ही मरीजों और महिलाओं से अभद्रता तथा छेड़छाड़ की शिकायतों का भी उन्होंने उल्लेख किया। प्रदेश अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और अस्पताल परिसर में उनका प्रवेश प्रतिबंधित करने की मांग की।
कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में जिला स्तरीय व्यापार बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में चंदन सिंह चौहान अपने दर्जनों वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ शामिल हुए। उन्होंने व्यापारियों से जुड़ी समस्याओं के साथ विभिन्न जनहित के मुद्दे अधिकारियों के सामने रखे और उनके जल्द समाधान पर जोर दिया।
प्रदेश अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से मांग की कि अस्पताल परिसर में सक्रिय ऐसे लोगों की पहचान कराई जाए। जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और अस्पताल में उनके प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाए। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल गरीब, निर्धन और बेसहारा लोगों के लिए सरकारी इलाज का बड़ा सहारा है। अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचना चाहिए।
व्यापार मंडल की ओर से उठाए गए मुद्दों को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने गंभीरता से सुना और समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिया।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष नईम अहमद, जसवंत गिहार, नीरज सिंह, मुन्ना गिहार, कौशांबी नगर अध्यक्ष अनिल सोनी, महामंत्री संतोष शर्मा, विनोद साहू, अवधेश रजौला, रेवां नगर अध्यक्ष सानू सिंह, महामंत्री आदित्य कुमार, हसवा नगर अध्यक्ष उदयभान सिंह सेंगर समेत संगठन के दर्जनों पदाधिकारी मौजूद रहे।
News Wani
