धाता, फतेहपुर। जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को धाता में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। 29 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के तहत विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया।
अभियान के दौरान प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना की जानकारी लोगों को दी गई। इसके साथ ही विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी विकसित भारत-जी राम जी योजना के प्रमुख प्रावधानों से भी ग्रामीणों को अवगत कराया गया।
अधिकारियों ने योजना के तहत 125 दिन की रोजगार गारंटी, ग्राम सभा के माध्यम से विकसित ग्राम पंचायत योजना तैयार करने, समय से मजदूरी भुगतान और देरी होने पर मुआवजा, बेरोजगारी भत्ते के बेहतर प्रावधान, तकनीक के माध्यम से सशक्तीकरण तथा विभिन्न योजनाओं के बेहतर समन्वय की जानकारी दी।
स्टॉलों पर पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, खाद्य एवं रसद विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग और स्वास्थ्य विभाग से संबंधित योजनाओं की भी जानकारी दी गई।
समाज कल्याण विभाग की ओर से वृद्धावस्था पेंशन, सामूहिक विवाह योजना, पारिवारिक लाभ योजना, शादी अनुदान, छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना और आवासीय छात्रावास से संबंधित योजनाओं की पात्रता एवं लाभ के बारे में बताया गया।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि पात्र लोग सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आएं और अपने आसपास के अन्य पात्र लोगों को भी योजनाओं के प्रति जागरूक करें।
News Wani
