फतेहपुर। आपसी मतभेद और मनमुटाव के चलते अलगाव की स्थिति में पहुंचे एक दंपती के रिश्ते को परिवार परामर्श केंद्र की पहल ने टूटने से बचा लिया। पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में हुई काउंसलिंग के दौरान पति-पत्नी ने एक-दूसरे की बात सुनी। समझाइश के बाद दोनों के बीच बनी दूरियां कम हुईं और अंततः दंपती ने पुराने विवाद भूलकर साथ रहने की सहमति जताई।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में परिवार परामर्श केंद्र में पति-पत्नी के बीच होने वाले पारिवारिक विवादों को बातचीत और मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। मंगलवार को भी एक दंपती को पारिवारिक विवाद की काउंसलिंग के लिए केंद्र पर बुलाया गया था।
काउंसलर कविता रस्तोगी ने दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनी। विवाद के कारणों को समझने के बाद उन्होंने पति-पत्नी को आपसी सामंजस्य और संवाद के साथ गृहस्थ जीवन आगे बढ़ाने के लिए समझाया। काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और लंबे समय से चले आ रहे वैचारिक मतभेद एवं आपसी मनमुटाव को दूर करने पर सहमति बनी।
समझाइश के बाद पति-पत्नी ने अपने मतभेद पीछे छोड़कर एक साथ रहने का निर्णय लिया। दोनों की सहमति के बाद परिवार परामर्श केंद्र में प्रकरण का समझौता कराया गया। काउंसलिंग के दौरान सहयोगार्थ हेड कांस्टेबल अकील अहमद भी मौजूद रहे।
News Wani
