Breaking News

फतेहपुर के मलवां में सिलेंडर विस्फोट से मचा हाहाकार, 5 की मौत; मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख की मदद

फतेहपुर। मलवां कस्बे में सोमवार शाम खाना बनाते समय सिलेंडर ब्लास्ट होने से दो मंजिला मकान जमींदोज हो गया था। हादसे में चार भाइयों समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी।

मंगलवार को प्रभारी मंत्री अजीत पाल सिंह ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और शासन की ओर से दी जाने वाली आर्थिक सहायता के चेक सौंपे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हादसे पर शोक संवेदना व्यक्त की।

बताते चलें कि मलवां कस्बे में सोमवार शाम करीब पांच बजे फल कारोबारी के घर में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। देखते ही देखते दो मंजिला मकान भरभराकर ढह गया और परिवार के कई लोग मलबे में दब गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना देने के साथ मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास शुरू किया। सूचना पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर मलबा हटाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया।

गंभीर रूप से घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे में कुणाल, आलोक, अर्पित, वेद और यश की मौत हो गई। मृतकों की उम्र छह से 25 वर्ष के बीच बताई गई है। एक साथ पांच मौतों से परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में एक दिन पहले बच्चों की चहल-पहल थी, वहां मंगलवार को मातम पसरा रहा।

हादसे के बाद मंगलवार को प्रभारी मंत्री अजीत पाल सिंह, विधायक जयकुमार सिंह जैकी, जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, उप जिलाधिकारी बिंदकी, पुलिस क्षेत्राधिकारी और तहसीलदार पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और शासन की ओर से दी जा रही आर्थिक सहायता के चेक सौंपे।

मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। वहीं, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामेश्वर दयाल दयालु गुप्ता और पूर्व ब्लॉक प्रमुख जितेंद्र सिंह जीतू भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। दोनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त की।

सिलेंडर फटा या कुछ और, जांच जारी

हादसे की वजह को लेकर स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक तौर पर गैस सिलेंडर में रिसाव के बाद विस्फोट की बात सामने आई है। हालांकि, धमाके की तीव्रता को देखते हुए फोरेंसिक टीमों ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

जांच टीमें यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमाका गैस सिलेंडर से हुआ या किसी अन्य विस्फोटक पदार्थ की वजह से। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।

धमाके से दहला पूरा इलाका

विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आसपास के कई मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। तेज धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। दो मंजिला मकान के जमींदोज होने के बाद मलबे में तब्दील हुआ घर हादसे की भयावहता बयां करता रहा।

घटना के बाद से मलवां कस्बे में दहशत के साथ गम का माहौल है। प्रशासन और पुलिस की टीमें राहत-बचाव कार्य के साथ ही हादसे की वजह की जांच में जुटी हैं।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में सीवर लाइन की खुदाई से बढ़ी परेशानी, जलभराव और हादसों का खतरा; शासन से जांच की मांग

फतेहपुर। शहर में सीवर लाइन बिछाने के नाम पर जगह-जगह खोदी गई सड़कें अब लोगों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *