Breaking News

हर घर तिरंगा अभियान में देशभक्ति के रंग में रंगा फतेहपुर विभिन्न विकास खंडों में निकली तिरंगा यात्राएं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उमड़ा जनसैलाब

फतेहपुर, 13 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान के तहत गुरुवार को जिले के विभिन्न विकास खंडों में तिरंगा यात्राओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के साथ बड़ी संख्या में नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के नारों से वातावरण देशभक्तिमय हो गया।
विकास खंड भिटौरा के ग्राम बीसापुर में ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित हुआ। विकास खंड धाता के दीपनारायण चौराहा तथा देवमई में भी कार्यक्रम हुए। देवमई में प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी। यहां तिरंगा रैली देवमई से बैठका चौराहा, मुसाफा होते हुए नहर पटरी के रास्ते विकास खंड कार्यालय तक निकाली गई।
विकास खंड बहुआ में बहुआ से बहुआ चौराहा (बांदा-सागर रोड) तक तिरंगा रैली निकाली गई। वहीं खजुहा विकास खंड में आयोजित तिरंगा रैली में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने भाग लिया।
खजुहा में आयोजित कार्यक्रम में बिंदकी विधायक जयकुमार सिंह जैकी और जहानाबाद विधायक राजेंद्र पटेल मुख्य रूप से मौजूद रहे। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुरेंद्र उत्तम, मंडल अध्यक्ष रोहन श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। खंड विकास अधिकारी कोमल सिंह, सहायक विकास अधिकारी प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव व रामकृपाल सहित संबंधित ग्राम पंचायत सचिव और विकास खंड के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
तिरंगा रैली में आशा व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के साथ पुरुषोत्तम इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष उत्प्रेक्षा द्विवेदी भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।
रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए शहीद स्थल पहुंची, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।
इसी क्रम में विकास खंड अमौली में भी ब्लॉक स्तरीय तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, बिंदकी विधायक जयकुमार सिंह जैकी, ब्लॉक प्रमुख सुशीला सिंह सहित ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकत्रियां तथा स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास परियोजना और शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में निकली तिरंगा यात्राओं ने स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का माहौल बना दिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकले लोगों ने नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर के धाता में सरकारी योजनाओं का जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने की दी जानकारी

धाता, फतेहपुर। जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *