Breaking News

हर घर तिरंगा से देशभक्ति के रंग में रंगा महोबा: प्रभारी मंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी और पूर्व सांसद कुंवर पुष्पेंद्र सिंह चंदेल के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

महोबा। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को जनपद महोबा में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। प्रभारी मंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी एवं पूर्व सांसद कुंवर पुष्पेंद्र सिंह चंदेल के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा सहित पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में राष्ट्रभक्त नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा थामे कार्यकर्ता पूरे उत्साह और उमंग के साथ यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान लगाए गए देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया। मार्ग में लहराते तिरंगे और भारत माता के जयकारों ने स्वतंत्रता दिवस की गौरवपूर्ण भावना को और प्रबल कर दिया।

तिरंगा यात्रा के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों एवं राष्ट्रनायकों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को नमन किया गया। यात्रा ने जनपदवासियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत भी किया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी ने जनपदवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का दिन है, जिनके संघर्ष के कारण देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को तिरंगे के सम्मान के साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।

पूर्व सांसद कुंवर पुष्पेंद्र सिंह चंदेल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर प्रत्येक नागरिक अपने घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना व्यक्त करे। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। तिरंगा देश की एकता, अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक है तथा इसके सम्मान के साथ राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा सहित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। तिरंगा यात्रा के दौरान लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित यह यात्रा महोबा में राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति का संदेश देने में सफल रही। यात्रा के दौरान उमड़ा उत्साह इस बात का प्रतीक रहा कि महोबा का जन-जन तिरंगे के सम्मान और राष्ट्र की एकता-अखंडता के प्रति प्रतिबद्ध है।

About NW-Editor

Check Also

कुल की फातिहा के साथ हजरत पीर मुबारक शाह का 767वां उर्स संपन्न

महोबा। हजरत पीर मुबारक शाह का 767वां तीन दिवसीय उर्स का मंगलवार को कुल की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *