Breaking News

बांदा में दर्ज मुकदमे की सीबीआई जांच की मांग, महिला ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। नरैनी थाना क्षेत्र के ग्राम नंदवारा निवासी कोमल सिंह ने अपने ससुर के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजकर पूरे मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि राजनीतिक रंजिश के चलते उनके ससुर को झूठे मुकदमे में फंसाया गया है।

राजनीतिक साजिश के तहत फंसाने का आरोप

ज्ञापन में कोमल सिंह पत्नी देवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि उनके ससुर लोधी महेंद्र पाल वर्मा पूर्व जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं और मध्य प्रदेश की पन्ना विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ चुके हैं। उनका आरोप है कि उनके ससुर आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बांदा सदर सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर दावेदारी कर रहे थे। वहीं, उनके पति ग्राम पंचायत नंदवारा के प्रधान हैं। इसी राजनीतिक सक्रियता और लोकप्रियता से परेशान होकर विरोधियों ने साजिश रची है।

मुकदमे में नाम शामिल करने पर उठाए सवाल

कोमल सिंह के मुताबिक, 1 अक्टूबर 2026 को नरैनी थाने में मुकदमा संख्या 271/2026 दर्ज किया गया था। आरोप है कि इस मामले में उनके ससुर का नाम साजिश के तहत शामिल किया गया, जबकि घटना के समय वह बांदा स्थित अपने आवास पर मौजूद थे।

गिरफ्तारी और पुलिस जांच पर जताई नाराजगी

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि 25 अक्टूबर 2026 को स्थानीय पुलिस ने निष्पक्ष जांच किए बिना उनके ससुर को बांदा स्थित आवास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। प्रार्थिया का कहना है कि उन्होंने मामले की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए नार्को टेस्ट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और वॉयस रिकॉर्डिंग की जांच कराने की मांग की थी, लेकिन विवेचना के दौरान इन मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई।

मुख्यमंत्री से सीबीआई जांच कराने की अपील

कोमल सिंह ने आशंका जताई है कि राजनीतिक दबाव में स्थानीय पुलिस उनके ससुर के खिलाफ गलत तरीके से आरोप पत्र दाखिल कर सकती है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए जांच भारत सरकार को भेजी जाए और सीबीआई से जांच कराने के निर्देश दिए जाएं, ताकि वास्तविक तथ्यों का खुलासा हो सके और उन्हें न्याय मिल सके।

About NW-Editor

Check Also

बांदा में मतदाता सूची सुधार अभियान को लेकर भाजपा ने बनाई रणनीति, छूटे नाम जुड़वाने पर जोर

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम शामिल कराने और छूटे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *