न्यूज़ बांदा। सदर विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क और ग्रामीण जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। विधायक प्रकाश द्विवेदी ने विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर ग्रामीणों से संवाद किया और करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ एवं लोकार्पण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम पंचायत निवादा मलेहरा में जनचौपाल से हुई। यहां विधायक ने ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है।
इसके बाद ग्राम पंचायत तिंदवारा में राज्य सड़क निधि से स्वीकृत महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का भूमि पूजन किया गया। बांदा-नरैनी मार्ग से शुरू होकर बांदा-बिसंडा मार्ग तक जाने वाले करीब 7 किलोमीटर लंबे मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण लगभग 18 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।
परियोजना के तहत सड़क की चौड़ाई 3.5 मीटर से बढ़ाकर 5.5 मीटर की जाएगी। इसके अलावा जरूरत के अनुसार पुल-पुलियों का निर्माण, आबादी वाले क्षेत्रों में सीसी रोड, थर्मोप्लास्टिक कैट-आई और आधुनिक साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और क्षेत्र में व्यापारिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इसी दौरान तिंदवारा ग्राम पंचायत में बुंदेलखंड विकास निधि से करीब 29 लाख रुपये की लागत से निर्मित बारात घर का लोकार्पण भी किया गया। इससे ग्रामीणों को शादी-विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। ग्रामीणों ने इस सौगात के लिए विधायक के प्रति आभार जताया।
विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि बांदा सदर विधानसभा क्षेत्र के शहरी और ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार लगातार किया जा रहा है। बेहतर सड़कें, जनसमस्याओं का समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता है। उनका प्रयास है कि प्रत्येक गांव और नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजभवन उपाध्याय, पंकज रैकवार, महुआ मंडल अध्यक्ष प्रेम स्वरूप द्विवेदी, ब्लॉक प्रमुख बड़ोखर स्वर्ण सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष राम किशोर शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य सदाशिव अनुरागी, धीरज राजपूत, अमरमणि त्रिपाठी, सुधीर मिश्रा, मुन्नीलाल चौरसिया, बलवान सिंह, शशिभूषण शुक्ला, कुलदीप शुक्ला, मनमोहन राजपूत और रजत सेठ सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
News Wani
