फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नहरामऊ के समीप रविवार की शाम रिंद नदी में नहाते समय 29 वर्षीय युवक डूब गया। सोमवार की सुबह घटनास्थल से कुछ दूरी पर परिजनों ने उसका शव देखकर पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, नहरामऊ गांव निवासी रामप्रकाश का पुत्र अंगद रविवार की शाम रिंद नदी में नहाने गया था। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूब गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से अंगद की तलाश कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सोमवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे परिजनों ने दोबारा तलाश शुरू की। इस दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर अंगद का शव दिखाई दिया। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मृतक के भाई शोभालाल ने दी। अंगद अपने पीछे पत्नी विनीतादेवी और डेढ़ वर्षीय पुत्री लक्ष्मी को छोड़ गया है। युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया।
News Wani
