हैदराबाद। यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ के प्री-रिलीज इवेंट के दौरान शनिवार को हैदराबाद की मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में बड़ा हादसा हो गया। कार्यक्रम में लगाया गया भारी साउंड-बॉक्स सेटअप अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो छात्र घायल हो गए। वहीं, एक छात्रा बेहोश हो गई। हादसे के बाद घायलों को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। इसी दौरान कुछ लोग साउंड सिस्टम को सहारा देने वाले पोल और ढांचे पर चढ़ गए। भारी वजन और भीड़ के बीच अचानक साउंड सेटअप नीचे गिर गया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े।
हादसे के समय मंच पर मौजूद थे यश
घटना के वक्त अभिनेता यश मंच पर मौजूद थे और फिल्म के जश्न में शामिल लोगों को संबोधित कर रहे थे। हादसा होते ही उन्होंने अपनी स्पीच रोक दी और आयोजकों से छात्रों की स्थिति की जानकारी लेने को कहा।
यश ने मंच से लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि वहां मौजूद छात्रों की स्थिति की जांच की जाए। इसके बाद आयोजकों और सुरक्षाकर्मियों ने घायलों को भीड़ से बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा।
भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद बड़े फिल्मी कार्यक्रमों में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच कुछ छात्रों का साउंड सेटअप के ढांचे पर चढ़ना भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
हैदराबाद में इससे पहले भी फिल्मी कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर घटना सामने आ चुकी है। ऐसे में बड़े सितारों के कार्यक्रमों में आयोजकों की जिम्मेदारी और सुरक्षा इंतजामों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
26 अगस्त को रिलीज होगी फिल्म
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक’ में यश मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
News Wani
