Breaking News

गोविंदा की दूसरी शादी की अफवाहों पर सख्त रुख, 100 करोड़ के मानहानि दावे की चेतावनी; झूठी खबरों को लेकर एक्टर ने जारी किया नोटिस

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर लगातार चर्चा में हैं। दूसरी शादी और तलाक से जुड़ी सोशल मीडिया पर चल रही खबरों के बीच अभिनेता की ओर से सार्वजनिक नोटिस जारी कर झूठी और अपुष्ट खबरें फैलाने वालों को सख्त चेतावनी दी गई है। नोटिस में ऐसे कंटेंट के खिलाफ 100 करोड़ रुपये तक के सिविल दावे की बात कही गई है।

दूसरी शादी की खबरों को बताया अफवाह

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर दावा किया जा रहा था कि गोविंदा अपनी को-एक्ट्रेस रानी स्वर्णकार के साथ गुपचुप कोर्ट मैरिज करने वाले हैं। इससे पहले अभिनेता और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के बीच तलाक को लेकर भी कई तरह की खबरें सामने आई थीं।

गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने दूसरी शादी की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि ऐसा कुछ नहीं है और न ही दूसरी शादी होने वाली है। उन्होंने कहा कि गोविंदा और सुनीता आहूजा अभी पति-पत्नी हैं।

झूठी खबरों पर 100 करोड़ तक के दावे की चेतावनी

गोविंदा की ओर से जारी नोटिस में मीडिया संस्थानों, डिजिटल प्लेटफॉर्म और कंटेंट क्रिएटर्स को अभिनेता या उनके परिवार से संबंधित झूठा, भ्रामक, बदनाम करने वाला या बिना सत्यापन वाला कंटेंट प्रकाशित और प्रसारित नहीं करने की चेतावनी दी गई है।

नोटिस में फोटो, वीडियो, ऑडियो, मॉर्फ्ड तस्वीरों, डीपफेक और AI से तैयार किए गए कंटेंट का भी जिक्र किया गया है। अभिनेता की आवाज, तस्वीर, पहचान या हमशक्ल का इस्तेमाल उनकी अनुमति के बिना करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

मानहानि और साइबर अपराध के तहत कार्रवाई की बात

नोटिस में प्राइवेसी के उल्लंघन, मानहानि, पहचान के गलत इस्तेमाल और साइबर अपराध से जुड़े कानूनों के तहत कार्रवाई की बात कही गई है। इसमें भारतीय न्याय संहिता, 2023 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 का हवाला दिया गया है।

गोविंदा ने आशंका जताई कि उनकी छवि खराब करने के लिए जानबूझकर गलत सूचनाओं का अभियान चलाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों से उन्हें मानसिक और सामाजिक नुकसान पहुंच सकता है।

अस्पताल के बाहर नजर आए गोविंदा

इसी बीच गोविंदा शनिवार को मुंबई के जुहू इलाके में एक अस्पताल के बाहर नजर आए। वह सफेद शर्ट, नीली जींस और चेहरे पर मास्क लगाए हुए थे। पैपराजी ने जब उनकी सेहत के बारे में पूछा तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि वह ठीक हैं। हालांकि, अस्पताल जाने की वजह सामने नहीं आई।

गोविंदा ने पैपराजी की ओर हाथ हिलाकर अभिवादन किया और फिर अपनी कार से वहां से रवाना हो गए।

सुनीता आहूजा के दावे पर मैनेजर का जवाब

सुनीता आहूजा ने हाल ही में दावा किया था कि गोविंदा रानी स्वर्णकार से दूसरी शादी की तैयारी कर रहे थे। उनके मुताबिक, इसी वजह से उन्होंने बांद्रा फैमिली कोर्ट में दायर तलाक की याचिका वापस ली।

हालांकि, गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने इस दावे को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि अगर गोविंदा शादी खत्म करके दूसरी शादी करना चाहते तो तलाक की पहल खुद करते। उनके अनुसार, तलाक की प्रक्रिया सुनीता आहूजा ने शुरू की थी और बाद में उन्होंने ही याचिका वापस ले ली।

शशि सिन्हा ने उम्मीद जताई कि दोनों के बीच विवाद जल्द खत्म होंगे, क्योंकि पारिवारिक विवाद का असर उनके बच्चों पर भी पड़ सकता है।

About NW-Editor

Check Also

गोविंदा से तलाक का केस वापस लेने पर सुनीता का बड़ा दावा, बोलीं- दूसरी शादी की तैयारी की खबर से बदला फैसला

मुंबई। अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर एक बार फिर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *