खागा, फतेहपुर। आगामी दीपावली और रामलीला मेले को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली खागा में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम अश्वनी पांडेय ने की।
बैठक में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष प्रकाश पांडेय ने बताया कि मेले में दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने मेले के दौरान कुछ अराजक तत्वों द्वारा जबरन मारपीट किए जाने की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने ऐसे लोगों पर अंकुश लगाने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती करने की मांग की, ताकि उपद्रव करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मेले के दौरान डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाएगी। तेज धमाके वाले प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री और भंडारण पर पूरी तरह रोक रहेगी। साथ ही पटाखों की बिक्री निर्धारित सीमा और नियमों के अनुसार ही की जाएगी।
बिजली विभाग के एसडीओ से अपील की गई कि मेला परिसर और नगर के प्रमुख मार्गों पर नीचे लटक रहे तथा जर्जर हालत में झूल रहे बिजली के तारों को तत्काल ऊंचा कर दुरुस्त कराया जाए, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। वहीं नगर पंचायत को मेला स्थल और प्रमुख मार्गों पर विशेष साफ-सफाई कराने तथा चूने का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद एसडीएम खागा अश्वनी पांडेय ने रामलीला मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर मिली कमियों को जल्द दूर कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर सीओ रवि प्रकाश सिंह, कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय, एसआई संदीप सिंह, ताराचंद पांडेय, व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ला, सूर्य प्रकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, रामलीला कमेटी के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
News Wani
