Breaking News

फतेहपुर में आधुनिक खेती को मिलेगा बढ़ावा, कृषि यंत्रों की खरीद पर 29 किसानों को मिलेगा अनुदान

फतेहपुर। कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने और किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत 23 किसानों का ई-लॉटरी के माध्यम से चयन किया गया। सोमवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति के समक्ष चयन प्रक्रिया संपन्न हुई। इसके अतिरिक्त कृषि निदेशालय, उत्तर प्रदेश स्तर से लक्ष्य के अनुरूप बुकिंग होने के कारण छह किसानों का स्वतः चयन भी किया गया।

उप कृषि निदेशक ने बताया कि सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन (एसएमएएम) और फसल अवशेष प्रबंधन (सीआरएम) योजनाओं के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में अनुदान पर कृषि यंत्र खरीदने के लिए 7 से 27 अक्टूबर के बीच ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। इस दौरान 108 किसानों ने विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए ऑनलाइन बुकिंग कराई थी। निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 23 किसानों का ई-लॉटरी के माध्यम से चयन किया गया।

चयनित किसानों को पैडी स्ट्रॉ रीपर, बेलर, रिवर्सिबल एमबी प्लाऊ, रीपर कम बाइंडर, हैरो, सुपर सीडर, ऑयल मिल, कल्टीवेटर, पावर टिलर, पैकिंग मशीन, पावर वीडर, मल्टीक्रॉप प्लांटर, मिनी दाल मिल, मिलेट मिल, हैरो, मल्टीक्रॉप थ्रेशर, लेजर लैंड लेवलर और स्ट्रॉ रीपर सहित विभिन्न कृषि यंत्रों की खरीद पर अनुदान का लाभ मिलेगा।

उप कृषि निदेशक ने चयनित किसानों को बधाई देते हुए निर्देश दिया कि वे पंजीकृत फर्म से निर्धारित मानकों के अनुसार कृषि यंत्र खरीदें और तय समय सीमा के भीतर कृषि विभाग के पोर्टल पर बिल अपलोड करें, ताकि सत्यापन के बाद अनुदान की धनराशि उनके बैंक खातों में भेजी जा सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कृषि यंत्र खरीदने से पहले उसकी कुल कीमत की 50 प्रतिशत धनराशि किसान को अपने बैंक खाते से ही विक्रेता के खाते में ट्रांसफर करनी होगी। सत्यापन के दौरान इसका प्रमाण प्रस्तुत करना भी अनिवार्य होगा।

इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, एलडीएम, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी, प्रगतिशील किसान, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विकासखंडों के किसान मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में सड़क सुरक्षा अभियान, इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों को पुलिस ने किया जागरूक

फतेहपुर। यातायात माह नवंबर के तहत सोमवार को जयरामनगर स्थित सुंदर सिंह इंटर कॉलेज में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *