न्यूज़ वाणी ब्यूरो, फतेहपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। रविवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने जनपद के पांच परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों में निगरानी, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
पांच परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर जांचीं व्यवस्थाएं
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक महात्मा गांधी पीजी कॉलेज, एएस इंटर कॉलेज, निरंकारी इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज तथा मुस्लिम इंटर कॉलेज पहुंचे। यहां परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने केंद्रों पर सुरक्षा इंतजामों और निगरानी प्रणाली की जांच करते हुए परीक्षा को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने पर जोर दिया।
सीसीटीवी निगरानी में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान सभी सीसीटीवी कैमरे लगातार चालू रहें। निगरानी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में निर्धारित मानकों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी अपनी ड्यूटी पूरी सतर्कता के साथ निभाएं।
अभ्यर्थियों की सुविधाओं पर भी रहा जोर
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। केंद्र व्यवस्थापकों तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा अवधि में पूरी मुस्तैदी बनाए रखें, जिससे अभ्यर्थियों को अनावश्यक परेशानी न हो और परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से चलती रहे।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने परीक्षा केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारी सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पीईटी परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखें।
News Wani
