फतेहपुर। पीईटी परीक्षा में गलत केंद्र पर पहुंचने से पांच अभ्यर्थियों का भविष्य दांव पर लग गया था, लेकिन पुलिस की तत्परता से सभी समय रहते सही परीक्षा केंद्र पर पहुंच गईं। नाम की समानता के कारण चार छात्राएं और एक छात्र जीजीआईसी मलवां के बजाय आईटीआई रोड स्थित जीजीआईसी पहुंच गए। परीक्षा केंद्र में प्रवेश बंद होने का समय दोपहर 2:30 बजे निर्धारित था। ऐसे में पुलिसकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला और पीआरवी 6262 व 6254 की मदद से सभी पांचों अभ्यर्थियों को समय रहते सही केंद्र पर पहुंचाकर परीक्षा में शामिल कराया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के दौरान परीक्षा ड्यूटी पर तैनात आरक्षी लक्ष्य मिश्रा ने दो छात्राओं को अपनी मोटरसाइकिल से मलवां पहुंचाने की पहल की, जबकि तीसरी छात्रा अपने अभिभावक के साथ रवाना हुई। इसी बीच गलत केंद्र पर पहुंचे एक छात्र को पीआरवी 6262 से ले जाया गया। रास्ते में दोनों छात्राओं और तीसरी छात्रा को भी पीआरवी में बैठाकर परीक्षा केंद्र पहुंचाया गया।
वहीं, प्रयागराज निवासी कोमल मौर्य भी गलत परीक्षा केंद्र पर पहुंच गई थीं। पीआरवी 6254 ने उन्हें भी समय रहते जीजीआईसी मलवां पहुंचाया। इस तरह बांदा निवासी छविराम और प्रयागराज निवासी पूजा पटेल, सुषमा पटेल, रेनू तथा कोमल मौर्य परीक्षा में शामिल हो सकीं।
इस कार्रवाई में पीआरवी 6262 के हेड कांस्टेबल निरंजन सिंह, महिला कांस्टेबल अर्चना शंखवार, होमगार्ड लक्ष्मी शंकर और आरक्षी लक्ष्य मिश्रा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, पीआरवी 6254 के कमांडर मुख्य आरक्षी अजय कुमार पटेल, महिला आरक्षी प्रीतिबाला, महिला आरक्षी रुचि और चालक होमगार्ड अनुग्रह नारायण सिंह ने भी सहयोग किया।
पुलिस की इस तत्परता से अभ्यर्थियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिसकर्मियों की सराहना की।
News Wani
