फतेहपुर। पति-पत्नी के रिश्ते में प्रेम, विश्वास और आपसी समझ बनाए रखने के साथ बिखरते परिवारों को फिर से जोड़ने की पहल के तहत पूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति के महिला संगठन की बैठक साधना सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में करवाचौथ पर साथ व्रत रखने वाले दंपतियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया।
महिला अध्यक्ष जागृति तिवारी ने बताया कि संगठन की ओर से वर्षभर में अब तक 14 पति-पत्नी के बीच समझौता कराकर उनके परिवारों को फिर से जोड़ने में सफलता मिली है। इनमें कुछ ऐसे दंपती भी शामिल हैं, जिनके मामले पुलिस थाने और अदालत तक पहुंच गए थे।
बैठक की शुरुआत याचना शर्मा को संगठन की सदस्यता दिलाने के साथ हुई। उपस्थित सदस्यों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया।
जागृति तिवारी ने बताया कि संगठन परिवारों में आपसी विवादों को बातचीत और समझौते के माध्यम से सुलझाने का प्रयास करता है। वर्षभर में 14 दंपतियों के बीच समझौता कराकर उन्हें फिर से साथ रहने के लिए तैयार किया गया है।
उन्होंने एक मामले का उल्लेख करते हुए बताया कि शादी के महज आठ महीने बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते मारपीट और घरेलू हिंसा का मुकदमा सदर कोतवाली में दर्ज हो गया था। संगठन के प्रयासों से दोनों के बीच समझौता हुआ और अब वे शादी के बाद अपना पहला करवाचौथ एक साथ मनाते हुए व्रत रखेंगे।
उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से समझौते के बाद साथ रहने वाले दंपतियों को करवाचौथ का व्रत एक साथ रखने और नशे से दूर रहने का संकल्प भी दिलाया जाता है, ताकि परिवार में शांति और खुशहाली बनी रहे।
बैठक के दौरान मधुलता सिंह और विमला सिंह ने दिसंबर से पहले संगठन का वार्षिकोत्सव धूमधाम से आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। मीरा मिश्रा, रोशनी और सुमित्रा ने ध्वनिमत से प्रस्ताव का समर्थन करते हुए उसे पारित किया।
अंत में अर्चना गुप्ता ने सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
News Wani
