– डीएम को पत्र देने के लिए खड़े मुहल्लेवासी।
फतेहपुर। शहर के हरिहरगंज मोहल्ले में स्थित एक प्राचीन सार्वजनिक कुएं एवं उससे संबंधित भूमि पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण कार्य का मामला सामने आया है। इस संबंध में स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया कि हरिहरगंज स्थित होटल एसएन-3 के पास मौजूद प्राचीन सार्वजनिक कुआं, जो नगर पालिका अभिलेखों में वर्ष 1969 एवं 1976 से सार्वजनिक संपत्ति के रूप में दर्ज है, उसे पाटकर समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार संबंधित भूमि पर निजी निर्माण की तैयारी शुरू कर दी गई है तथा बड़ी मात्रा में ईंट और अन्य निर्माण सामग्री भी एकत्र कर ली गई है। आरोप है कि मोहल्ला निवासी अशोक तिवारी द्वारा कुएं को पूरी तरह पाट दिया गया है और उस स्थान पर निजी निर्माण कराने की योजना बनाई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कुआं न केवल सार्वजनिक उपयोग का स्रोत रहा है, बल्कि क्षेत्र की प्राचीन एवं धार्मिक धरोहर के रूप में भी महत्वपूर्ण पहचान रखता है। शिकायतकर्ताओं ने यह भी दावा किया है कि पूर्व में प्रशासन द्वारा निर्माण कार्य और कुएं को क्षतिग्रस्त करने की कोशिशों पर रोक लगाई गई थी, लेकिन अब दोबारा गतिविधियां शुरू होने से लोगों में चिंता बढ़ गई है। जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में मांग की गई है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कराया जाए, अवैध कब्जा हटवाया जाए तथा निर्माण सामग्री को हटाकर सार्वजनिक कुएं और उससे संबंधित भूमि को सुरक्षित किया जाए। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर हमेशा के लिए समाप्त हो सकती है। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इस मौके पर कुंदनलाल, शिव कुमार गुप्ता, रामभरोसे गुप्ता, गोपी गुप्ता, शिवम गुप्ता, सुरेश विश्वकर्मा भी मौजूद रहे।

News Wani