फतेहपुर। डेंगू एवं अन्य संक्रामक बीमारियों से बचाव और लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को भिटौरा ब्लॉक क्षेत्र में डेंगू बचाव एवं जागरूकता महाअभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश के चेयरमैन एवं कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने किया।
अभियान के दौरान डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने सबसे पहले मवैया स्थित समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे 89 वृद्धजनों एवं 14 कर्मचारियों को डेंगू व अन्य संक्रामक बीमारियों से बचाव तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से निःशुल्क होम्योपैथिक औषधि वितरित की।
इसके बाद श्री भृगुवेद विद्यालय ओम घाट भिटौरा में अध्ययनरत 54 विद्यार्थियों, कंपोजिट विद्यालय सहिमापुर के 65, प्राथमिक विद्यालय डोलेपुर के 27, कंपोजिट विद्यालय सलेमाबाद के 140, कंपोजिट विद्यालय जमालपुर मवैया के 52 तथा प्राथमिक विद्यालय जमालपुर के 58 बच्चों को भी निःशुल्क होम्योपैथिक औषधि वितरित की गई। इस प्रकार कुल 499 बच्चों को औषधि देकर डेंगू एवं अन्य संक्रामक बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने लोगों को स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की सलाह देते हुए कहा कि साफ-सफाई अपनाकर कई बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पीने के पानी को उबालकर पिएं तथा घरों और आसपास कहीं भी पानी एकत्रित न होने दें।
उन्होंने बताया कि रुके हुए पानी में मच्छरों के पनपने की संभावना अधिक रहती है। इसलिए जलभराव को तत्काल समाप्त करना जरूरी है। आसपास स्वच्छता बनाए रखने और मच्छरों के प्रजनन को रोकने से डेंगू जैसी बीमारियों के खतरे को कम किया जा सकता है।
अभियान के दौरान स्वामी विज्ञानानंद, वार्डन अशोक कुमार, प्रधानाचार्य आर.एम. त्रिवेदी, जहरा खातून, हिमांशु सोनकर, हेमंत त्रिपाठी, राजकुमारी सहित प्रमुख सहयोगी अभिनव श्रीवास्तव एवं सुरेश कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे।
News Wani
