Breaking News

विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर जागरूकता अभियान

– भोजन की बर्बादी रोकने का दिया संदेश
– विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर जागरूकता का संदेश देते ब्लाक प्रमुख अमित तिवारी।
फतेहपुर। विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर युवा विकास समिति द्वारा जनपद में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य लोगों को भोजन की बर्बादी रोकने, खाद्य संसाधनों के संरक्षण और जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने के प्रति जागरूक करना रहा।
समिति के कार्यकर्ताओं ने शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से संपर्क कर खाद्य सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि एक ओर देश में लाखों लोग प्रतिदिन भूखे पेट सोने को विवश हैं, वहीं दूसरी ओर बड़ी मात्रा में भोजन बर्बाद कर दिया जाता है। यह न केवल खाद्य संसाधनों की हानि है, बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने पोस्टर और नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। उन्होंने संदेश दिया कि “जितनी भूख, उतना ही भोजन लें, बाकी जरूरतमंदों को दें तथा भोजन की बर्बादी रोको, मानवता का सम्मान करो। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि खाद्य सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी से ही इसे मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि विवाह समारोह, सामाजिक आयोजनों और घरेलू स्तर पर भोजन के उचित प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें ताकि खाद्य सामग्री व्यर्थ न जाए। कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि बचा हुआ भोजन जरूरतमंदों तक पहुंचाने की पहल से न केवल भूख मिटाई जा सकती है, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना भी मजबूत होगी। उन्होंने युवाओं से इस मुहिम से जुड़ने और खाद्य सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। अभियान के समापन पर समिति ने जनपदवासियों से अपील की कि वे भोजन की बर्बादी रोकने का संकल्प लें और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में खाद्य सुरक्षा को सशक्त बनाने में अपना योगदान दें। इससे न केवल संसाधनों का संरक्षण होगा, बल्कि जरूरतमंद लोगों को भी राहत मिल सकेगी।

About NW-Editor

Check Also

पूर्व सैनिक उत्थान समिति की बैठक में संगठन विस्तार

– रेलवे स्टेशन पर दलाली के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी – नवमनोनीत संरक्षकों का माला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *