फतेहपुर। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को बाजारों में सघन जांच अभियान चलाने और मिलावटखोरी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय वीरेंद्र सिंह कुशवाहा ने चालू वित्तीय वर्ष में विभाग द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि दीपावली के दौरान मिठाइयों, दूध, खोया, पनीर और खाद्य तेल की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार निगरानी रखे और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी जांच कराए।
उन्होंने निर्देश दिए कि खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों का निर्माण या बिक्री करने वाले छोटे-बड़े सभी प्रतिष्ठानों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाए। मिठाई विक्रेताओं को खुली मिठाइयों की ट्रे पर यूज बाई डेट (उपयोग की अंतिम तिथि) स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान यूज बाई डेट प्रदर्शित नहीं मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जिला आबकारी अधिकारी और जिला पूर्ति अधिकारी को आबकारी तथा सरकारी राशन की दुकानों से संबंधित लंबित लाइसेंस और पंजीकरण की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी कराने के निर्देश दिए।
33 खाद्य पदार्थों के नमूनों की मौके पर हुई जांच
बैठक के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की सचल प्रयोगशाला के माध्यम से पटेल नगर चौराहे से वर्मा चौराहे तक जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के 33 नमूनों की मौके पर निःशुल्क जांच की गई।
बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला आबकारी अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रदीप गर्ग, व्यापार मंडल के शिवचंद्र शुक्ला, जितेंद्र सिंह सोनू, अनिल सिंह गौतम, अभिनव यादव, कृष्ण कुमार तिवारी, जय किशन तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।
News Wani
