Breaking News

पाइपलाइन बिछाने से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तेज, अब तक 4881 किलोमीटर सड़कें दुरुस्त

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, फतेहपुर। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश जल निगम ग्रामीण की ओर से एक अक्टूबर से शुरू किया गया विशेष सड़क पुनर्स्थापना अभियान 10 नवंबर तक चलाया जाएगा। विभाग का लक्ष्य है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद खराब हुई सड़कों को जल्द दुरुस्त कर ग्रामीणों को आवागमन की परेशानी से राहत दिलाई जाए।

विभागीय जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जनपद में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए कुल 5004 किलोमीटर सड़कों की खुदाई की गई थी। इनमें से अब तक 4881 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत पूरी कराई जा चुकी है। वहीं, अभी 123 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत का कार्य शेष है। अभियान के तहत संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर सड़कें दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं।

सड़क की मरम्मत न होने पर यहां करें शिकायत

जल निगम ग्रामीण ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि उनके गांव में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं हुई है या सड़क अभी भी क्षतिग्रस्त है, तो इसकी शिकायत विभाग तक पहुंचाएं। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1800-121-2164 जारी किया गया है। ग्रामीण जल समाधान ऐप और आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

शिकायत मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जाएगा, ताकि समस्या का जल्द समाधान हो सके।

जलसारथी ऐप पर फोटो और वीडियो भेजने की सुविधा

सड़क पुनर्स्थापना अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों को जलसारथी ऐप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा दी गई है। ग्रामीण क्षतिग्रस्त सड़क की फोटो और वीडियो अपलोड कर सकते हैं। इससे विभागीय अधिकारियों को सड़क की वास्तविक स्थिति और संबंधित स्थान की जानकारी प्राप्त करने में मदद मिलेगी। इसके आधार पर मरम्मत कार्य को आगे बढ़ाने में आसानी होगी।

ग्रामीणों को आवागमन में मिलेगी राहत

जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता अनुराग गौतम ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिन गांवों में अभी तक सड़कें दुरुस्त नहीं हुई हैं, वहां के लोग विभाग को सूचना दें, जिससे संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराकर मरम्मत सुनिश्चित कराई जा सके।

About NW-Editor

Check Also

खागा के दो गांवों में बिजली संकट, तीन दिन से आपूर्ति ठप होने से ग्रामीण परेशान

खागा, फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र के कोट गांव में एक वाहन की टक्कर से बिजली …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *