बेंगलुरु को भारत की सिलिकॉन वैली कहा जाता है, जहां दुनिया की बड़ी-बड़ी टेक कंपनियां मौजूद हैं. लेकिन मंगलवार की शाम इसी हाईटेक शहर की एक ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने सबको हैरान कर दिया. बेंगलुरु मेट्रो की पर्पल लाइन में अचानक आई एक तकनीकी खराबी की वजह से पूरा शहर थम सा गया. दफ्तर से घर लौट रहे हजारों लोग स्टेशनों पर फंस गए और हालात इतने बिगड़ गए कि लोगों को घर पहुंचने के लिए ट्रकों और लॉरियों का सहारा लेना पड़ा. इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं और अब इस पर सियासत भी शुरू हो गई है. मंगलवार की शाम करीब 6:30 बजे जब लोग ऑफिस खत्म कर अपने घर लौट रहे थे, तभी कब्बन पार्क मेट्रो स्टेशन पर एक ट्रेन में तकनीकी खराबी आ गई. यह खराबी मेट्रो की पर्पल लाइन पर हुई थी, जो शहर के सबसे व्यस्त रूटों में से एक है और सीधे आईटी कॉरिडोर व्हाइटफील्ड को जोड़ती है. पीक ऑवर्स होने की वजह से देखते ही देखते स्टेशनों पर भारी भीड़ जमा हो गई. मेट्रो प्रशासन को ट्रेनें रोकनी पड़ीं और यात्रियों को नीचे उतार दिया गया.
ऑटो-कैब फेल, ट्रकों का सहारा
मेट्रो बंद होते ही हजारों लोग एक साथ सड़कों पर आ गए. इसके बाद जो हुआ वो किसी बुरे सपने जैसा था. ओला, उबर और ऑटो की बुकिंग मिलना बिल्कुल बंद हो गई. जो ऑटो वाले मिले, उन्होंने जाने से मना कर दिया या फिर मुंह मांगा किराया मांगने लगे. भारी बारिश और जाम के बीच परेशान होकर आईटी प्रोफेशनल्स और आम लोगों ने सड़कों पर चलते ट्रकों और लॉरियों को हाथ देकर रोकना शुरू किया. लोग अपनी जान जोखिम में डालकर ट्रकों के पीछे लटक कर घर जाने को मजबूर दिखे. सोशल मीडिया पर इसके कई वीडियो वायरल हैं.
News Wani
