Breaking News

ऑपरेशन नया सवेरा-2 की बड़ी कार्रवाई! समस्तीपुर से 21 नाबालिग बरामद, दो नियोजकों पर केस दर्ज

Child Trafficking Bihar: समस्तीपुर में ‘ऑपरेशन नया सवेरा-2’ के तहत अप्रैल में 21 नाबालिग बच्चों को मानव तस्करी और बाल श्रम से बचाया गया। इस संयुक्त अभियान में दो नियोजकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई और बच्चों को उनके परिवारों को सौंपा गया।

समस्तीपुर। Child Trafficking Bihar: जिले में बाल श्रम और मानव तस्करी के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन नया सवेरा-2 अभियान के तहत अप्रैल महीने में 21 नाबालिग बच्चों को बरामद किया गया। संयुक्त अभियान के दौरान दो नियोजकों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।

कारखानों में काम कराने की थी तैयारी

प्रशासन के अनुसार इन बच्चों को बहला-फुसलाकर देश के विभिन्न हिस्सों में होटल, फैक्ट्री और अन्य प्रतिष्ठानों में काम कराने के लिए ले जाया जा रहा था। अभियान जिला पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल, रेल पुलिस और सामाजिक संस्था प्रयास के संयुक्त सहयोग से चलाया गया।

समस्तीपुर जंक्शन से मिले 18 बच्चे

विशेष जांच अभियान के दौरान समस्तीपुर जंक्शन पर ट्रेनों, प्लेटफार्मों और सर्कुलेटिंग एरिया में सघन जांच की गई। इस दौरान 18 नाबालिग बच्चों को बरामद किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि बच्चों को 10 से 15 हजार रुपये मासिक वेतन का लालच देकर दूसरे राज्यों में भेजने की तैयारी थी।

होटलों में काम करते मिले बच्चे

अभियान के तहत पूसा प्रखंड के एक होटल से एक नाबालिग बच्चे को मुक्त कराया गया। वहीं शिवाजीनगर क्षेत्र में भी दो बच्चों को होटल में काम करते हुए पकड़ा गया। जांच में पता चला कि उनसे लंबे समय तक काम कराया जा रहा था।

दो मामलों में प्राथमिकी दर्ज

कार्रवाई के दौरान दो ऐसे मामले सामने आए, जिनमें बच्चों को रोजगार दिलाने के नाम पर बाहर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने संबंधित नियोजकों और संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चाइल्ड लाइन ने सौंपे बच्चे

बरामद किए गए सभी बच्चों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद चाइल्ड लाइन की निगरानी में रखा गया। काउंसलिंग और पहचान सत्यापन के बाद बच्चों को उनके स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

प्रशासन ने लोगों से की अपील

रेल थाना अध्यक्ष बीरबल कुमार ने कहा कि ऑपरेशन नया सवेरा-2 के तहत बच्चों को सुरक्षित बचाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि रोजगार के नाम पर बच्चों को किसी अनजान व्यक्ति के साथ न भेजें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

 

About NW-Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *