Breaking News

फतेहपुर में किसानों के लिए बड़ा मौका, कृषि यंत्रों पर सब्सिडी के लिए 21 अगस्त को होगा चयन

फतेहपुर। वित्तीय वर्ष 2026-27 में कृषि विभाग की कृषि यंत्रीकरण योजनाओं के तहत अनुदान पर दिए जाने वाले कृषि यंत्रों और कृषि रक्षा उपकरणों के लिए किसानों का चयन अब ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए 21 अगस्त को विकास भवन सभागार में ई-लॉटरी आयोजित होगी। कृषि विभाग ने ऑनलाइन बुकिंग कराने वाले सभी किसानों से निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होने की अपील की है।

उप कृषि निदेशक ने बताया कि कृषि यंत्रीकरण की विभिन्न योजनाओं के तहत कृषि यंत्र एवं कृषि रक्षा उपकरण प्राप्त करने के लिए किसानों ने विभागीय पोर्टल पर 16 जुलाई से 10 अगस्त तक ऑनलाइन बुकिंग कराई है। पात्र किसानों का चयन जनपद स्तर पर ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि ई-लॉटरी 21 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे से विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित होगी। किसानों को ई-लॉटरी में प्रतिभाग करने के लिए सुबह 10:45 बजे तक विकास भवन पहुंचने को कहा गया है।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन किसानों ने निर्धारित अवधि में कृषि यंत्र प्राप्त करने के लिए विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग कराई है, उन्हें ई-लॉटरी में अनिवार्य रूप से भाग लेना होगा। ई-लॉटरी के माध्यम से चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र किसानों को नियमानुसार कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ दिया जाएगा।

कृषि विभाग ने सभी संबंधित किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय का विशेष ध्यान रखते हुए समय से विकास भवन सभागार पहुंचें, जिससे चयन प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

About NW-Editor

Check Also

पेट्रोल भरवाने के बाद दो किमी में बंद हुआ वाहन, टंकी से निकला संदिग्ध तरल; पंप की गुणवत्ता पर उठे सवाल

विजयपुर, फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के रारी मोड़ के पास स्थित नरेंद्र किसान फिलिंग पंप …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *