फतेहपुर। खाद्य पदार्थों में मिलावट और गंदगी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मंगलवार को जिले में बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने खोया निर्माण इकाई और बेकरी में छापेमारी कर चार नमूने लिए। जांच के दौरान करीब 300 लीटर दूषित दूध मौके पर ही नष्ट कराया गया, जबकि खागा स्थित एक बेकरी को स्वच्छता व्यवस्था में पूर्ण सुधार होने तक बंद करा दिया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय वीरेंद्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में टीम ने 18 अगस्त को विभिन्न स्थानों पर खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। सबसे पहले मलवां थाना क्षेत्र के ग्राम भदबा स्थित कल्लू डेयरी की खोया निर्माण इकाई पहुंचकर जांच की गई। संचालक विनीत सैनी से खोया और दूध के एक-एक नमूने लिए गए। मौके पर करीब 300 लीटर दूध दूषित पाए जाने पर उसे नष्ट करा दिया गया।
इसके बाद टीम ने खागा स्थित अंश बेकरी में केक निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। यहां से केक का एक नमूना जांच के लिए लिया गया। साथ ही स्वच्छता संबंधी कमियां पाए जाने पर बेकरी को मानकों में पूर्ण सुधार होने तक बंद करा दिया गया।
खाद्य विभाग की टीम ने जीटी रोड थरियांव स्थित दूधिया कमलेश कुमार से भी दूध का नमूना लिया। सभी चार नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति स्पष्ट होगी और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार, अनुराधा कुशवाहा, धीरज कुमार दीक्षित, दिनेश चंद्र और देवेश मिश्रा मौजूद रहे।
News Wani
