पटना: अगर आप डबल मीनिंग वाले भोजपुरी गाने के शौकीन हैं तो ये शौक कान में हेडफोन लगाकर पूरा कीजिए। नहीं तो आपको लेने के देने पड़ सकते हैं। बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने अश्लील और डबल मीनिंग गीत बजाने पर रोक लगाने का इंतजाम कर दिया है। डिप्टी सीएम ने गुरुवार को सभी जिलों में विशेष अभियान चलाने और ऐसा करने वालों लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
डबल मीनिंग और अश्लील गाने गंभीर समस्या: डिप्टी सीएम
सम्राट चौधरी ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थानों, समारोहों और ऑटो में इस तरह के गाने बजाने को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। डबल मीनिंग और अश्लील गाने समाज के लिए गंभीर समस्या बन चुके हैं। ऐसे गानों से महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा प्रभावित होती है। वे असहज महसूस करती हैं।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर: सम्राट चौधरी
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के गाने बच्चों की सोच पर भी नकारात्मक प्रभाव डालते हैं और यह एक गंभीर सामाजिक समस्या है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। चौधरी ने कहा कि सरकार महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है, जिसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन को अश्लील और डबल मीनिंग गानों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
होली पर भी चलाया जाएगा स्पेशल अभियान: डिप्टी सीएम
उन्होंने बताया कि होली के दौरान भी सभी जिलों में स्पेशल अभियान चलाए जाएंगे। उपमुख्यमंत्री के अनुसार, अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों, वाहनों और आयोजनों में बजने वाले ऐसे गानों को चिन्हित किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 296, 79 तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर साउंड सिस्टम जब्त करने और आयोजकों व वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
News Wani
